अदालत ने तृणमूल कांग्रेस विधायक साहा को 12 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा

कोलकाता 30 अगस्त (वार्ता) पश्चिम बंगाल में कोलकाता शहर की एक अदालत ने शनिवार को कथित शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस विधायक जीवन कृष्ण साहा को 12 सितंबर तक 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुर्शिदाबाद की बुरवान विधानसभा सीट से विधायक साहा को पिछले सोमवार को उनके घर से राज्य भर के सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में कक्षा नौवीं और दसवीं के लिए शिक्षक भर्ती में कथित अनियमितताओं के आरोप में गिरफ्तार किया था।

ईडी सूत्रों ने बताया, “छह दिन ईडी की हिरासत में रहने के बाद साहा को शहर की एक विशेष अदालत (बैंकशाल) में पेश किया गया जहां उसे 12 सितंबर तक 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।”

अदालत में पेश किए जाने से पहले साहा को नियमित चिकित्सा परीक्षण के लिए बिधाननगर के एक अस्पताल ले जाया गया।

विशेष न्यायाधीश द्वारा साहा को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद वह वहां मौजूद अपने बेटे और पत्नी के सामने रो पड़े।

ईडी ने इस मामले में मुर्शिदाबाद स्थित विधायक के घर से महत्वपूर्ण डिजिटल उपकरण, आपत्तिजनक दस्तावेज़ और संपत्ति के दस्तावेज़ ज़ब्त किए हैं।

ईडी ने कहा, “विधायक की गिरफ्तारी पश्चिम बंगाल के स्कूलों में नौवी से 12वीं तक के सहायक शिक्षकों की अवैध नियुक्तियों के मामले में की गई है, जो पश्चिम बंगाल केंद्रीय विद्यालय सेवा आयोग (एसएससी) के अधिकारियों के साथ आपराधिक साजिश के तहत की गई थी।”

ईडी ने कहा, “जांच के दौरान विभिन्न उम्मीदवारों ने सहायक शिक्षक के पद पर नियुक्ति का वादा करने के लिए जीवन कृष्ण साहा को सीधे नकद भुगतान की पुष्टि की।”

 

Next Post

तमिलनाडु में एसआईआर कामयाब नहीं होगा: स्टालिन

Sat Aug 30 , 2025
चेन्नई, 30 अगस्त (वार्ता) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने शनिवार को कहा कि उनके राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए चुनाव आयोग की प्रक्रिया सफल नहींं होगी। श्री स्टालिन ने तमिलनाडु में निवेश आकर्षित करने के लिए […]

You May Like