मुंबई, 02 अगस्त (वार्ता) देश की पहली परिसंपत्ति पुनर्गठन कंपनी (एआरसी) एरसिल ने शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के लिए अपना प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने की घोषणा की है।
कंपनी ने शनिवार को बताया कि उसने आईपीओ के लिए बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास दस्तावेज जमा कराये हैं। वह शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने वाली देश की पहली एआरसी होगी।
आईपीओ के तहत 10 रुपये अंकित मूल्य वाले 10,54,63,892 इक्विटी शेयर बिक्री के लिए रखे जायेंगे। इनमें 6,87,39,034 इक्विटी शेयर एवेन्यू इंडिया रिसर्जेंस द्वारा और 1,94,45,000 शेयर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा बेचे जा रहे हैं। लाठे इनवेस्टमेंट 1,62,44,858 इक्विटी शेयर और फेडरल बैंक ऑफ इंडिया 10,35,000 इक्विटी शेयर बेच रहा है।
आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज, आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज और जेएम फाइनेंशियल को आईपीओ के लिए बैंकर नियुक्त किया गया है।
एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी (इंडिया) लिमिटेड (एरसिल) की स्थापना 2002 में हुई थी। यह देश की पहली एआरसी कंपनी है। देश के 12 राज्यों में कई क्षेत्रों में परिसंपत्ति पुनर्गठन का उसका कारोबार फैला हुआ है। उसका नेटवर्थ 2,462.511 करोड़ रुपये है।
कंपनी ने अब तक 652 ट्रस्ट बनाये हैं, जिनमें 199 को सफलतापूर्वक वित्तीय परिसंपत्ति समाधान के बाद बंद कर दिया गया है। इस साल जनवरी-मार्च तिमाही में एरसिल का परिचालन राजस्व 596.423 करोड़ रुपये और कुल आय 623.399 करोड़ रुपये रही। तिमाही के दौरान उसका शुद्ध लाभ 355.319 करोड़ रुपये रहा।
