
देवसर । देवसर क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब हालात ऐसे हो गए हैं कि लोग अपने ही घरों में सुरक्षित नहीं हैं। ताजा मामला सजहर घाटी का है, जहां एक तेज रफ्तार राखड़ से लोड बल्कर अनियंत्रित होकर सीधे एक घर में जा घुसा।
जानकारी के अनुसार ग्राम सजहर निवासी राजाराम विश्वकर्मा के घर में सीजी 15 ईए 7107 नंबर का बल्कर वाहन जा घुसा। घटना के समय उनकी पत्नी कौशल्या देवी विश्वकर्मा दरवाजे पर अपनी 2 वर्षीय नातिन विभा विश्वकर्मा को लेकर बैठी थीं। हादसे में कौशल्या देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि मासूम बालिका बाल-बाल बच गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए। घायल महिला को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बल्कर सिंगरौली की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा था और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। वाहन कहां जा रहा था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही जियावन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
