चेन्नई, 30 अगस्त (वार्ता) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने शनिवार को कहा कि उनके राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए चुनाव आयोग की प्रक्रिया सफल नहींं होगी।
श्री स्टालिन ने तमिलनाडु में निवेश आकर्षित करने के लिए जर्मनी और ब्रिटेन की यात्रा पर रवाना होने से पहले हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि इस मामले में जो भी साजिश रची गई हो द्रमुक के पास उसे ध्वस्त करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने बिहार में एसआईआर को लेकर जो भी सोचा वो पूरा नहीं हुआ।
श्री स्टालिन ने कुछ दिन पहले बिहार की अपनी यात्रा के दौरान अपने अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयोग जो सोच रहा था वह बिहार में नहीं होगा क्योंकि सच्चाई यह है कि चुनाव आयोग के इस कदम से लोग जागरूक हो गये हैं। गौरतलब है कि श्री स्टालिन ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा में भाग लिया था।
श्री स्टालिन ने दावा किया कि तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक चुनाव आयोग की ओर से की जाने वाली एसआईआर की प्रक्रिया को विफल कर देगी। विदित है कि तमिलनाडु में सात महीने बाद चुनाव होने वाले हैं।
सी-वोटर के चुनावी पूर्वानुमानों पर उन्होंने कहा कि पूर्वानुमान चाहे जो भी हों लेकिन द्रमुक के नेतृत्व वाला गठबंधन उससे भी ज़्यादा शानदार जीत दर्ज करेगा। उन्होंने आगे कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है।
मुख्यमंत्री ने अभिनेता-राजनेता और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के संस्थापक विजय के राजनीतिक कदम और उनके इस दावे पर भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि 2026 के विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी और सत्तारूढ़ द्रमुक के बीच कड़ी टक्कर होगी। उन्होंने कहा कि इस बारे में टिप्पणी करने की कोई ज़रूरत नहीं है।
गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में विल्लुपुरम ज़िले के विक्रवंडी में और पिछले हफ़्ते मदुरै में अपनी पार्टी के पहले और दूसरे राज्य सम्मेलन में, विजय ने घोषणा की थी कि द्रमुक उनकी राजनीतिक दुश्मन जबकि भाजपा वैचारिक दुश्मन है।
द्रमुक के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) में नए दलों के शामिल होने की संभावना पर श्री स्टालिन ने कहा, “चाहे नई पार्टियाँ आ रही हों या नहीं, नए मतदाता द्रमुक की तरफ आ रहे हैं। यह सच्चाई है।” इस गठबंधन को 2019 से सभी चुनावों में शानदार सफलता मिली है।
मुख्यमंत्री ने निवेश आकर्षित करने के लिए उनके विदेशी दौरों की विपक्षी अन्नाद्रमुक द्वारा आलोचना किये जाने पर कहा कि उनके द्वारा हस्ताक्षरित सभी समझौते लागू हुए हैं और लागू होंगे।
जर्मनी और ब्रिटेन की अपनी यात्रा के बारे में श्री स्टालिन ने कहा कि वह राज्य में निवेश आकर्षित करने और प्रमुख उद्योगों और फर्मों के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर करने के लिए एक सप्ताह के दौरे पर जा रहे हैं।
