मुंबई, 03 फ़रवरी (वार्ता) अभिनेता–लेखक अड़ीवी सेश ने अपनी आने वाली फिल्म ‘डकैत ’ का आख़िरी शूटिंग शेड्यूल पूरा कर लिया है। इसके साथ ही मार्च में होने वाली फेस्टिव रिलीज़ से पहले फिल्म ने एक अहम मुकाम हासिल कर लिया है। अब फिल्म अपने प्रोडक्शन के अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और दर्शकों के और भी क़रीब आ गई है, जो लंबे समय से इसका इंतज़ार कर रहे हैं। nअपनी बारीक कहानी कहने की शैली के लिए पहचाने जाने वाले अड़ीवी सेश इस फिल्म से हर स्तर पर जुड़े रहे हैं, लेखन से लेकर अभिनय तक। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि फिल्म की भावनात्मक गहराई और कहानी की सच्चाई बनी रहे। फाइनल शेड्यूल में कहानी के अहम हिस्सों की शूटिंग पूरी की गई, जिसके बाद अब फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन के लिए तैयार है और रिलीज़ की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
फिल्म की शूटिंग पूरी होने पर अड़ीवी सेश ने कहा, “ डकैत की आख़िरी शूटिंग पूरी करना मेरे लिए किसी सपने जैसा और बेहद भावुक पल है। यह सफर शारीरिक, मानसिक और रचनात्मक तौर पर काफी चुनौतीपूर्ण रहा है। पहली ड्राफ्ट लिखने से लेकर आज इस मुकाम तक पहुंचने में हर चरण में पूरी ईमानदारी और मेहनत लगी है। अब जब फाइनल शेड्यूल खत्म हुआ है, तो एक सुकून और संतोष का एहसास है कि हमने इस कहानी को अपना सब कुछ दिया है।”
उन्होंने कहा, “डकैत मेरे लिए सिर्फ़ एक और फिल्म नहीं है। यह कहानी उन रातों में मेरे साथ रही जब मैं लिख रहा था और उन दिनों में भी जब मुश्किल हालात में शूटिंग हो रही थी। मार्च में रिलीज़ की ओर बढ़ते हुए, मैं पूरी टीम का दिल से आभारी हूं, जिन्होंने पहले दिन से इस विज़न पर भरोसा किया। फेस्टिव समय पर फिल्म रिलीज़ करने की एक ज़िम्मेदारी होती है, क्योंकि दर्शकों की उम्मीदें ज़्यादा होती हैं और यही हमें अपने काम में और भी सच्चा बनने के लिए प्रेरित करता है।” अपने सफर और रिलीज़ को लेकर उत्साह पर बात करते हुए सेश ने कहा, “डकैत को लेकर जो उत्साह है, वह हम सभी ने सेट पर महसूस किया है और यही हमें हर दिन बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है। यह आख़िरी शेड्यूल कहानी और भावनाओं को सही तरीके से जोड़ने का था। अब आगे पोस्ट-प्रोडक्शन का दौर शुरू होगा, जहां फिल्म को उसकी अंतिम लय और रूप मिलेगा। मुझे पूरी उम्मीद है कि दर्शक भी फिल्म में वही तीव्रता, भावनाएं और जुनून महसूस करेंगे, जो इसे बनाने में लगा है।”

