नरसिंहपुर: शहर स्थित भारतीय स्टेट बैंक कृषि (एसबीआई) की शाखा में देर रात टिफिन देने को लेकर हुए विवाद के बाद बैंक के सुरक्षा गार्ड द्वारा कथित रूप से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में किसी के घायल होने या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है।जानकारी के अनुसार, टिफिन पहुंचाने वाला युवक रोजाना की तरह बैंक में करीब 10 बजे टिफिन देने गया था। बताया जा रहा है कि उसने एक टिफिन अतिरिक्त मांगा, लेकिन अतिरिक्त टिफिन उपलब्ध नहीं होने पर गार्ड से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि गार्ड ने युवक के साथ गाली-गलौज कर उसे वहां से भगा दिया।
युवक ने घर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने पिता को दी। इसके बाद उसके पिता बैंक पहुंचे और गार्ड से इस संबंध में बात करने का प्रयास किया। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और गार्ड कथित रूप से बैंक के अंदर रखी बंदूक लेकर आया तथा टिफिन पहुंचाने वाले युवक की ओर गोली चला दी।
फायरिंग की इस घटना में युवक को गोली नहीं लगी और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद युवक और उसके पिता दोनों थाने पहुंचे तथा मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। फायरिंग की परिस्थितियों, गार्ड की भूमिका और घटना में प्रयुक्त हथियार को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
