
इंदौर. शहर के 32 पुलिस थानों के अक्टूबर माह के प्रदर्शन की रैंकिंग जारी की गई है. इसमें लसूड़िया थाना लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहले स्थान पर रहा, जबकि चंदन नगर और बाणगंगा ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया, वहीं पंढरीनाथ थाना रैंकिंग में सबसे निचले पायदान पर रहा.
थानों की रैंकिंग अपराध नियंत्रण, कार्य निष्पादन, जनसंतुष्टि और आमजन के हित में किए गए नवाचारों सहित निर्धारित मापदंडों के आधार पर तैयार की गई है. पुलिस कमिश्नरेट में हर महीने होने वाले इस मूल्यांकन के जरिए थानों के कामकाज की तुलना कर बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहित करने और कमजोर प्रदर्शन वाले थानों की कमियों को दूर करने की व्यवस्था की गई है. एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों के थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाएगा. वहीं, कमजोर प्रदर्शन करने वाले थानों के प्रभारियों और स्टाफ को कार्यप्रणाली में सुधार के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा. लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी.
