पैकेट पलटिए, सेहत का असली चेहरा देखिए

सेहत के नाम पर बाजारों में धड़ल्ले से बिक रहे हैं ‘मल्टीग्रेन’ और ‘हाई-फाइबर’ उत्पाद, लेकिन पैकेट के पीछे छिपा है 60% तक मैदा और चीनी का गणित। पढ़िए पोषण और जेब के खर्च की यह खास पड़ताल।
किसी किराना दुकान या सुपरमार्केट में सुबह का नजारा देख लीजिए। बच्चों के स्कूल टिफिन से लेकर ऑफिस जाने वालों के नाश्ते तक, खरीदारी की सूची में आजकल मल्टीग्रेन बिस्किट, ओट्स कुकीज, हाई-फाइबर ब्रेड और प्रोटीन बार जैसी चीजों ने जगह बना ली है। पैकेट पर लिखे ‘हेल्दी’, ‘शुगर-फ्री’, ‘डाइजेस्टिव’ और ‘मल्टीग्रेन’ जैसे शब्द उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाते हैं कि वे अपने परिवार को कुछ बेहतर खिला रहे हैं।
लेकिन जरा ठहरिए! क्या किसी उत्पाद का नाम मल्टीग्रेन होने भर से वह पौष्टिक हो जाता है? क्या ब्राउन रंग की ब्रेड हमेशा सेहतमंद होती है? और क्या महंगे प्रोटीन बार व हेल्दी कुकीज वास्तव में उतना पोषण देते हैं, जितना उनके विज्ञापन दावा करते हैं? हकीकत जानने का सबसे आसान तरीका है पैकेट को पलटकर उसकी सामग्री पढ़ना। कई बार सामने से सेहत का वादा करने वाला पैकेट पीछे से मैदा, चीनी, रिफाइंड तेल और दूसरे परिष्कृत तत्वों की लंबी सूची दिखाता है।
चमकदार पैकेट और पोषण का छिपा सच

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों के मुताबिक, किसी भी खाने-पीने के पैकेट को खरीदते समय सबसे जरूरी जानकारी उसके पीछे दी गई सामग्री की सूची यानी इंग्रीडिएंट्स में होती है। सामान्यतः इसमें सामग्री को वजन के घटते क्रम में लिखा जाता है। यानी जो सामग्री सबसे पहले दर्ज है, उसकी मात्रा उत्पाद में सबसे अधिक होती है।
मार्केट और स्थानीय किराना दुकानों पर बिकने वाले नामी ब्रांड्स के ‘मल्टीग्रेन’ और ‘डाइजेस्टिव’ बिस्किट के पैकेट पलटकर देखने पर चौंकाने वाली बात सामने आई। अधिकांश उत्पादों में सबसे पहला तत्व ‘रिफाइंड व्हीट फ्लोर’ यानी मैदा (55 से 65 फीसदी तक) दर्ज है। इसके ठीक बाद रिफाइंड पाम ऑयल और चीनी (Sugar/Invert Syrup) का नंबर आता है। जिन मोटे अनाजों—जैसे रागी, ज्वार, बाजरा या ओट्स—के नाम और तस्वीरों के सहारे ये पैकेट बेचे जाते हैं, उनकी कुल मात्रा मुश्किल से 2 से 8 फीसदी के आसपास ही सिमटी रहती है।
पैसा बनाम ताकत का सीधा गणित (Nutrient-per-Rupee)

अगर हम अपनी जेब से जाने वाले पैसों और शरीर को मिलने वाली असली ताकत का सीधा हिसाब लगाएं, तो पैकेटबंद ‘हेल्दी फूड’ आम परिवार की जेब और सेहत दोनों पर भारी पड़ रहा है:
कीमत का बड़ा अंतर: बाज़ार में 100 ग्राम पैकेटबंद मल्टीग्रेन बिस्किट या प्रोटीन बार की कीमत ₹50 से ₹80 के बीच है। इसके विपरीत, उतने ही वज़न (100 ग्राम) का पारंपरिक भुना चना, मूंगफली और प्राकृतिक गुड़ भोपाल के किसी भी बाज़ार या नुक्कड़ की दुकान पर मात्र ₹15 से ₹20 में आसानी से मिल जाता है।
प्रोटीन और आयरन की ताकत: 100 ग्राम पैकेट वाले बिस्किट से शरीर को औसतन केवल 6 से 8 ग्राम प्रोटीन और ढेर सारी खाली कैलोरी (Empty Calories) मिलती है। इसके उलट, 100 ग्राम भुने चने और मूंगफली के मिश्रण से शरीर को 18 से 22 ग्राम शुद्ध प्रोटीन, खून बढ़ाने वाला प्राकृतिक आयरन, कैल्शियम और भरपूर डाइटरी फाइबर प्राप्त होता है। प्रिजर्वेटिव्स और केमिकल: पैकेट वाली चीज़ों को छह महीने से लेकर साल भर तक खराब होने से बचाने के लिए उनमें कई तरह के केमिकल, इमल्सीफायर्स (Emulsifiers), बेकिंग एजेंट और कृत्रिम फ्लेवर मिलाए जाते हैं। दूसरी ओर, देशी चना, मूंगफली और गुड़ बिना किसी रासायनिक प्रक्रिया के सीधे खेत से हमारी रसोई तक पहुँचते हैं।
बच्चों के टिफिन में क्या जा रहा है?
भोपाल की एक गृहिणी पुष्पा गुप्ता बताती हैं, “पहले बच्चों के टिफिन के लिए मैं हर हफ्ते मल्टीग्रेन बिस्किट और कुकीज के पैकेट खरीदती थी। मुझे लगता था कि सामान्य बिस्किट की जगह ये ज्यादा अच्छे हैं। लेकिन जब मैंने पैकेट के पीछे सामग्री पढ़नी शुरू की, तो समझ आया कि केवल मल्टीग्रेन लिखे होने से कोई चीज पौष्टिक नहीं हो जाती। अब मैं बच्चों के लिए भुने चने, मखाने, सत्तू के लड्डू और घर की बनी चिक्की रखती हूं।”

वहीं, कामकाजी महिला मंतशा का कहना है, “ऑफिस और घर की जिम्मेदारियों के बीच जल्दी मिलने वाला नाश्ता सुविधाजनक लगता है। पहले मैं भी बिना ज्यादा सोचे हेल्दी लिखे उत्पाद खरीद लेती थी। अब खरीदारी करते समय सामग्री और चीनी की मात्रा जरूर देखती हूं।”
विज्ञापन नहीं, लेबल पर करें भरोसा
न्यूट्रिशनिस्ट और आहार विशेषज्ञ वर्षा श्रीवास्तव इस बढ़ते चलन पर चिंता जताती हैं। वे कहती हैं, “बाज़ार की आकर्षक पैकेजिंग और ‘लो-फैट’ या ‘मल्टीग्रेन’ जैसे शब्दों के जाल में फंसकर शहरी परिवार अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड खरीद रहे हैं। इन बिस्किटों में मौजूद रिफाइंड मैदा, चीनी और पाम ऑयल लंबे समय में बच्चों और बड़ों में मोटापा, पाचन की समस्या और शुगर जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ाते हैं।”
आहार विशेषज्ञ सुदेशना मैतीका कहना हैअगर सीधे विज्ञान और तर्क से देखें, तो हमारे पारंपरिक मोटे अनाज—जैसे ज्वार, बाजरा, रागी, भुना चना, मूंगफली और गुड़—सस्ते होने के साथ-साथ सूक्ष्म पोषक तत्वों (Micronutrients) का खजाना हैं। परिवार की असली खाद्य और पोषण सुरक्षा के लिए हमें चमकदार पैकेटों के बजाय अपनी पुरानी रसोई और देशी अनाज की ओर लौटना होगा।”
समझदारी और जागरूकता ही असली सेहत है
जानकारों का मानना है कि असली खाद्य सुरक्षा (Food Security) का मतलब सिर्फ पेट भरना नहीं है, बल्कि सही कीमत पर शरीर को आवश्यक पोषक तत्व उपलब्ध कराना भी है। अगली बार जब आप किराना दुकान या सुपरमार्केट जाएं, तो पैकेट के सामने लिखे बड़े-बड़े दावों से प्रभावित होने के बजाय उसे पलटकर पीछे लिखी सामग्री की सूची जरूर पढ़ें। यही छोटी सी जागरूकता आपके परिवार की सेहत और रसोई के बजट दोनों को सुरक्षित रख सकती है।
story ;आफरीन | भोपाल
