इंदौर, 16 नवंबर (वार्ता) कप्तान सूरज कश्यप (तीन विकेट और नाबाद 13 रन) के हरफनमौला प्रदर्शन और आयुष लोहारुका (58) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत बिहार ने सोमवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मुकाबले में रेलवेज को 10 गेंदें शेष रहते चार विकेट से हरा दिया।
आज यहां बिहार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी रेलवेज ने निर्धारित 20 ओवरों में जयंत लाखन (47), जुबैर अली (26), रवि सिंह (21) और उपेद्र यादव (13) दहाई अंक के योगदान से नौ विकेट पर 137 रन का स्कोर बनाया। बिहार की ओर से प्रशांत सिंह और सूरज कश्यप ने तीन-तीन विकेट लिये। मोहम्मद इजहार को दो विकेट मिले। रघुवेंद्र प्रताप्त ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके 138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार ने 18.2 ओवरों में छह विकेट पर 141 रन बनाकर मुकाबला चार विकेट से अपने नाम कर लिया। आयुष लोहारुका ने 29 गेंदों में पांच चौके और पांच छक्के लगाते हुए 58 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। तरुण कुमार सिंह ने (20), रघुवेंद्र प्रताप ने (18) और अल्तमिश अशरफ (15) और कप्तान सूरज कश्यप ने नाबाद 13 रनों का योगदान दिया। रेलवेज के लिए मोहम्मद सैफ ने दो विकेट लिये। जुबैर अली , माेहित राउत, प्रद्युम्न पारिख और तौफिक उद्दीन मंडल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

