भोपाल: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि खेल केवल बेहतर स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये व्यक्ति को मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ सामूहिक सफलता की भावना भी विकसित करते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ओलंपिक जैसे वैश्विक आयोजन खेल भावना, उत्कृष्ट प्रदर्शन और विश्व बंधुत्व की भावना को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खेलों के क्षेत्र में योगदान देने वाली उन सभी महान विभूतियों को नमन किया, जिन्होंने खेलों के विकास और उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि खेल समाज में अनुशासन, समर्पण और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं तथा युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश के सभी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
