
हटा/मड़ियादो। मड़ियादो वनपरिक्षेत्र अधिकारी जेपी मिश्रा के नेतृत्व में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। मडियादो बफर, पन्ना टाइगर रिजर्व अंतर्गत अतिक्रमण निरोधी अभियान के तहत बीट पाली के कक्ष क्रमांक 376 ग्राम पाठा में 23 हेक्टेयर एवं बीट वर्धा के कक्ष क्रमांक 65 ग्राम झोंद में 15 हेक्टेयर, इस तरह कुल 38 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अतिक्रमण से मुक्त कराई गई वन भूमि में स्थानीय रूप से संग्रहित बबूल एवं खैर के बीजों का छिड़काव भी किया गया, ताकि क्षेत्र में हरियाली लौटाई जा सके। इस कार्रवाई के दौरान परिक्षेत्र अधिकारी मडियादो, परिक्षेत्र सहायक मडियादो, बीट प्रभारी तिंदनी, पाली एवं वर्धा सहित सुरक्षा श्रमिक मौजूद रहे।
