
दमोह। पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन व पुलिस अधीक्षक दमोह के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित Safe Click 2.0 साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत साइबर सेल दमोह एवं थाना पथरिया में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइबर सेल दमोह द्वारा Safe Click 2.0 अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, पेट्रोल पंप, एटीएम, प्रमुख चौराहों व रेलवे स्टेशन पर साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आमजन को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा न करने तथा साइबर अपराध से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई.
थाना पथरिया में एसडीओपी पथरिया सुश्री प्रिया सिंधी व थाना प्रभारी निरीक्षक नेहा गोस्वामी द्वारा क्षेत्र के कियोस्क (CSC) संचालकों को साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।अधिकारियों ने बताया कि कियोस्क संचालक आम नागरिकों के बैंकिंग एवं ऑनलाइन कार्यों से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी है कि वे प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें। उन्हें फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, OTP साझा करने के खतरे, QR कोड धोखाधड़ी, UPI फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग तथा डिजिटल भुगतान से जुड़े अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय विस्तार से बताए गए।साथ ही सभी कियोस्क संचालकों से अपील की गई कि वे अपने केंद्र पर आने वाले प्रत्येक नागरिक को साइबर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी दें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें.दमोह पुलिस द्वारा संचालित Safe Click 2.0 अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित डिजिटल वातावरण का निर्माण करना है।
