भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज हायर सेकेंडरी कक्षा 12वीं का परिणाम जारी किया, जिसमें इस वर्ष का रिजल्ट बीते 16 वर्षों में सबसे बेहतर रहा। 10 फरवरी से 7 मार्च 2026 के बीच आयोजित परीक्षा में कुल 6,89,746 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें 6,13,634 नियमित और 76,112 स्वाध्यायी विद्यार्थी थे।घोषित परिणामों के अनुसार 76.01 प्रतिशत नियमित और 30.60 प्रतिशत स्वाध्यायी परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए 79.41 प्रतिशत सफलता हासिल की, जबकि छात्रों का परिणाम 72.39 प्रतिशत रहा।
शासकीय विद्यालयों का परिणाम 80.43 प्रतिशत रहा, जो अशासकीय विद्यालयों (69.67 प्रतिशत) से अधिक है। प्रावीण्य सूची में कुल 221 विद्यार्थियों ने स्थान पाया, जिनमें 158 छात्राएं शामिल हैं। भोपाल की खुशी राय और चांदनी विश्वकर्मा ने 494 अंक प्राप्त कर शीर्ष स्थान हासिल किया।इस वर्ष झाबुआ जिला 93.23 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में प्रथम रहा। खास बात यह रही कि किसी भी छात्र का परिणाम पूरक घोषित नहीं किया गया, जबकि 1,99,599 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण रहे। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत अब पूरक के स्थान पर द्वितीय अवसर परीक्षा 7 मई से आयोजित होगी, जिसमें असफल, अनुपस्थित या अंक सुधार चाहने वाले छात्र शामिल हो सकेंगे।
