भोपाल: मध्यप्रदेश बोर्ड की हायर सेकेंडरी (12वीं) परीक्षा 2026 में इस वर्ष भी छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। प्रावीण्य सूची में भोपाल की कु. खुशी राय (शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उमावि, शिवाजी नगर) और कु. चांदनी विश्वकर्मा (गुरूदेव शिक्षा केन्द्र उमावि, नीलबड़) ने संयुक्त रूप से टॉप करते हुए 500 में से 494 अंक प्राप्त किए।घोषित मेरिट सूची में कुल 221 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया, जिनमें 158 छात्राएं और 63 छात्र शामिल हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि इस वर्ष भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
संकायवार सूची में विज्ञान (गणित) के 69, विज्ञान (जीवविज्ञान) के 45, वाणिज्य के 63, कला के 32, कृषि के 9 और ललित कला/गृहविज्ञान के 3 विद्यार्थियों ने प्रावीण्य सूची में जगह बनाई।
टॉपर्स की इस उपलब्धि ने न केवल भोपाल बल्कि पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रतिफल है।
