सिडनी, 14 नवंबर (वार्ता) पूर्व बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने 2018 के सैंडपेपर विवाद की जांच में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) पर सच्चाई छिपाने का आरोप लगाया है। वॉर्नर ने शनिवार को दावा किया कि दक्षिण अफ्रीका में गेंद से छेड़छाड़ की घटना की शुरुआती जांच के दौरान जॉश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और नेथन लायन से पूछताछ नहीं की गई थी। वॉर्नर ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर लिखा, “मेरी जानकारी के अनुसार सीए ने 2018 की जांच के दौरान जॉश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क या नेथन लायन से पूछताछ नहीं की थी। अगर यह सही है, तो सीए यह बात कैसे कह सकता है कि गेंदबाजों को इस बारे में कुछ पता नहीं था। ऐसा लगता है कि उन्होंने शुरुआत में ही तय कर लिया था कि किसे दोषी ठहराना है। फिर उसी मक़सद से उन्होंने आधी-अधूरी जांच की और अब वे इस झूठी कहानी को बनाए रखना चाहते हैं कि गेंदबाजों को कुछ पता नहीं था। यह मामला सच्चाई छिपाने की कोशिश जैसा लगता है।”
वॉर्नर के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए क्रिके ऑस्ट्रेलिया के प्रवक्ता ने कहा, “जैसा कि हम पहले भी कह चुके हैं, शुरुआती जांच के समय सभी खिलाड़ियों को अपनी बात रखने का मौक़ा दिया गया था। पिछले आठ साल में भी उन्हें नया सबूत सामने लाने का अवसर मिला है। इसके बाद से सीए ने हर मौजूदा और पूर्व खिलाड़ी को अपना पक्ष रखने के अधिकार का सम्मान किया है।” हालांकि, बयान में यह नहीं बताया गया कि तीनों गेंदबाज़ों से पूछताछ हुई थी या नहीं। सीए के सीईओ टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा है कि उन्हें जांच दोबारा खोलने या नई जांच शुरू करने का कोई आधार नहीं दिखता। कमिंस ने भी उनसे हुई बातचीत का हवाला देते हुए यही बात कही है।
इससे पहले शुक्रवार को पर्थ में इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे के प्रसारण के दौरान वॉर्नर ने कहा, “पैट कमिंस आज सुबह पूरी तैयारी के साथ आए थे। मैं अब भी उस्मान ख्वाजा के साथ हूं और उन्होंने अपनी क़िताब में जो लिखा है, मैं उस पर क़ायम हूं। वह सच्चे हैं और मैं उनका पूरा समर्थन करता हूं। इस समय मुझे उनके लिए बुरा लग रहा है। मुझे लगता है कि आज कप्तान ने उस्सी को बलि का बकरा बना दिया और इससे मैं बहुत, बहुत निराश हूं।” इस बीच, मार्नस लाबुशेन ने कहा है कि इस समय जो कुछ हो रहा है, उसे देखकर उन्हें अच्छा नहीं लग रहा है। वह 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा नहीं थे।

