जबलपुर: माढ़ोताल थाना अंतर्गत मंगेला नया मोहल्ला में भूसा ढोने के बाद पैसे मांगने पर दबंगों ने न केवल एक युवक और उसके मामा की जमकर पिटाई की, बल्कि फरसे से हमला करने के साथ-साथ सरेराह पिस्टल से फायर कर इलाके में दहशत फैला दी।पुलिस से मिली जानकारी अनुसार कमला नेहरू नगर, मदनमहल निवासी राहुल पटेल (28) भूसा मशीन चलाने का काम करता है। जब वह अपने मामा विकास कुशवाहा के साथ मंगेला में ट्रैक्टर का इंतजार कर रहा था, तभी वहां मिलन यादव अपने साथी बब्बू यादव और दो अन्य गुर्गों के साथ आ धमका।
मिलन ने राहुल पर जबरन और मुफ्त में भूसा ढोने का दबाव बनाया। जब राहुल ने 3000 रुपये प्रति ट्राली का किराया मांगा, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गए। विवाद के दौरान दो आरोपियों ने विकास कुशवाहा को पकड़ लिया, जबकि मिलन यादव ने बब्बू यादव को फरसा थमा दिया। हमले के दौरान राहुल ने किसी तरह खुद को बचाया, लेकिन फरसे का बट उसके सीने में जा लगा।
जब भांजा-मामा अपनी जान बचाकर भागने लगे, तो मिलन यादव ने सरेआम पिस्टल निकाल ली। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए हवाई फायर किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहुल पटेल और उसके मामा विकास कुशवाहा के हाथ, पैर और माथे पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी मिलन यादव, बब्बू यादव और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
