जबलपुर: पनागर थाना अंतर्गत तिवारी खेड़ा निवासी प्रतिभा पटेल (30) ने ससुराल पक्ष की प्रताडऩा से तंग आकर मौत को गले लगाया था। मर्ग जांच में यह बात सामने आई कि बेटी पैदा होने पर उसे ताने मारे जाते है साथ ही दहेज में पांच लाख की डिमांड की जाती थी इसके चलते उसने जहर का सेवन कर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने मृतिका के पति, सास और जेठ के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताडऩा की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल सुश्री राजेश्वरी कौरव ने बताया कि प्रतिभा का विवाह 4 मई 2023 को ग्राम तिवारी खेड़ा निवासी विपिन पटेल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। विवाह के समय परिजनों ने अपनी क्षमता अनुसार गृहस्थी का सामान और 1.50 लाख रुपये नकद दिए थे। लेकिन सुखद वैवाहिक जीवन का सपना जल्द ही टूट गया। मृतिका के मायके पक्ष ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि प्रतिभा ने जब एक बेटी को जन्म दिया, तो उसकी सास मीना पटेल का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। सास अक्सर बेटा नहीं होने को लेकर प्रतिभा को मानसिक रूप से प्रताडि़त करती थी। वहीं, अविवाहित जेठ नीरज पटेल भी आए दिन प्रतिभा के साथ अभद्रता करता था।
परिजनों के अनुसार पति विपिन पटेल ने घर बनवाने के नाम पर पैसों की मांग की, जिस पर प्रतिभा के पिता ने उसे 5 लाख रुपये नकद दिए। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की लालच कम नहीं हुई। सास मीना पटेल लगातार सोने के हार और नए डिजाइन के जेवरात की मांग कर रही थी। मृतिका ने आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाने से पहले 26 मार्च को अपने मायके फोन कर बताया था कि उसके पति विपिन, सास मीना और जेठ नीरज ने उसके साथ जमकर झगड़ा कर प्रताडऩा दी। इसी मानसिक तनाव में आकर प्रतिभा ने जहरीली वस्तु का सेवन कर लिया था 27 मार्च की सुबह निजीअस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। मर्ग जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति विपिन पटेल, सास मीना पटेल और जेठ नीरज पटेल के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
