रीवा :सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शुक्रवार की शाम उस समय हंगामा मच गया जब एंजियोग्राफी के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। परिजनों को जब पता चला कि उनका मरीज अब इस दुनिया में नहीं रहा तो वे बेकाबू हो गए और अस्पताल में जमकर हंगामा शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर अस्पताल अधीक्षक पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाइश दी और घटना के बारे में विस्तार से बताया। करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ।
चाकघाट त्योंथर से पहुंचा था मरीज
मिली जानकारी के अनुसार चाकघाट त्योंथर क्षेत्र से एक 55 वर्षीय व्यक्ति को हार्ट की समस्या होने पर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हार्ट की नसों में ब्लॉकेज की आशंका को देखते हुए मरीज को कैथलैब ले जाया गया। यहां एंजियोग्राफी की जानी थी।
डॉक्टरों ने पहले दोनों हाथों से एंजियोग्राफी करने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सीने से दिल के पास वाली तीसरी नस से प्रयास किया गया। लेकिन इसमें भी सफलता नहीं मिली। इसी दौरान मरीज की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।
हंगामे के बाद पहुंचे अधिकारी
मरीज के मरते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने जमकर हंगामा किया। नौबत तोड़फोड़ और मारपीट तक पहुंच गई थी। जानकारी लगते ही मौके पर संजय गांधी अस्पताल और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के अधीक्षक पहुंचे। सुरक्षाकर्मी भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए थे।
काफी समझाइश के बाद मामला शांत हुआ। मृतक के परिजन संतुष्टि के लिए पोस्टमार्टम कराने को तैयार हुए। इसके बाद ही परिजन शव लेकर गए।
डॉक्टरों ने बचाने के किए प्रयास
डॉक्टरों के अनुसार मरीज मूल रूप से यूपी के धरपुर का रहने वाला था और पिछले कई सालों से चाकघाट में रह रहा था। मरीज को हार्ट अटैक की शिकायत थी और उसकी तीनों नसें ब्लॉक हो गई थीं। डॉक्टरों ने उसे बचाने के काफी प्रयास किए लेकिन सफलता नहीं मिली।
अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि मरीज की मौत के कारणों की जांच की जाएगी और परिजनों को हर संभव मदद दी जाएगी।
