
जबलपुर। सावन महीने के पहले सोमवार में शहर के विभिन्न मंदिरों घरों में भगवान शंकर का विधि विधान से रुद्राभिषेक किया गया। इसके अलावा सावन के पवित्र माह में शहर के शिव मंदिरों में भक्तों की भी उमड़ी, जहां दर्शन करने के लिए सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। सभी शिव मंदिर में भक्त अत्यधिक भक्ति और समर्पण के साथ भगवान शिव और देवी पार्वती की पूजा की और व्रत रखा। यह पूरा महीना भगवान शिव की आराधना के लिए समर्पित है। इस पूरे माह के दौरान, सभी भक्त भगवान शिव की विशेष अभिषेक करके विधि विधान से पूजा-अर्चन करेंगे । ऐसी मान्यता है कि यह अवधि शिव जी को अति प्रिय है, जिसके चलते वे पृथ्वीलोक पर अपने भक्तों के कल्याण के लिए आते हैं।
शिव मंदिरों में उमड़ी भीड़
पहले श्रावण सोमवार को शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। जिसमें मुख्य रूप से गुप्तेश्वर महादेव मंदिर, कचनार महादेव, गंजीपुरा, भूतनाथ की टेकरी, मटामर महादेव मंदिर सहित सभी मंदिरों में सुबह से भक्तों का जमावड़ा रहा। लोग दूध मिश्रित जल लेकर मंदिर पहुंचे और ओम नमः शिवाय के मंत्र के साथ भोले को जल अर्पित किया।
पार्थिव शिवलिंग बनाकर किया अभिषेक
सावन के पहले सोमवार में विभिन्न मंदिरों और घरों में लोगों ने पार्थिव शिवलिंग बनाकर उनका विधि- विधान से अभिषेक किया। कई स्थानों पर शिव पुराण का वाचन शुरू हुआ,जो पूरे महीने शिव की पूजा अर्चना का क्रम चलेगा।
