नैरोबी में तीन से 12 दिसंबर तक होगा सुपर 90 का सीजन 4

नैरोबी, 28 सितंबर (वार्ता) केन्या की राजधानी नैरोबी जल्द ही दुनिया भर के क्रिकेट सितारों की मेजबानी करने जा रही है। तेजतर्रार 90 गेंदों वाले क्रिकेट प्रारूप पर आधारित सुपर 90 लीग का चौथा सीजन तीन से 12 दिसंबर तक नैरोबी में खेला जाएगा। सुपर 90 का यह पहला सीजन होगा, जिसका आयोजन केन्या में किया जा रहा है। लीग के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और क्रिकेट प्रशंसकों के बीच भी इसे लेकर उत्सुकता बढ़ रही है।

सुपर 90 सीजन-4 के लिए तैयार किए गए ड्राफ्ट में भारत, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, बंगलादेश, बारबाडोस, जमैका, गुयाना, त्रिनिदाद, जिम्बाब्वे, कनाडा और अमेरिका समेत कई देशों के क्रिकेटर शामिल हैं। हालांकि खिलाड़ियों के नामों का खुलासा फिलहाल नहीं किया गया है। लीग प्रबंधन के अनुसार, खिलाड़ियों के नाम बाद में सार्वजनिक किए जाएंगे।

छह फ्रेंचाइजी टीमें सीजन-4 में खिताब के लिए जोर आजमाइश करेंगी और कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे। सुपर 90 का 90 गेंदों वाला प्रारूप मुकाबलों को कम समय में ज्यादा रोमांचक बनाने के लिए तैयार किया गया है। इसमें आक्रामक बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी, रणनीतिक फैसलों और हर गेंद पर बदलते मुकाबले का रोमांच देखने को मिलेगा।

सुपर 90 के प्रबंध निदेशक जितेंद्र सिंह गौर ने कहा, “सीजन 4 को मिल रही प्रतिक्रिया बेहद उत्साहजनक है। लीग को नैरोबी ले जाना सुपर 90 के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।”

सीजन-4 की सबसे खास बात यह भी होगी कि प्रत्येक फ्रेंचाइजी में केन्या के पूर्व क्रिकेटरों को शामिल किया जाएगा। इससे केन्या के पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ियों को एक बार फिर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में लौटने का मौका मिलेगा। वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के साथ मैदान साझा करने के साथ अपने अनुभव और क्रिकेट कौशल को भी नई पीढ़ी के सामने रख सकेंगे।

सुपर 90 के प्रबंध निदेशक शिवैन शर्मा ने कहा कि, “इस पहल का उद्देश्य केन्या की क्रिकेट विरासत को सम्मान देना है। साथ ही स्थानीय प्रशंसकों को अपने पूर्व क्रिकेट सितारों को दुनिया के प्रमुख क्रिकेट देशों के खिलाड़ियों के साथ खेलते देखने का अवसर मिलेगा। सुपर 90 और क्रिकेट केन्या के बीच तीन सीजन की साझेदारी हुई है। इसके तहत सीजन 4, सीजन 5 और सीजन 6 का आयोजन नैरोबी में किया जाएगा।

सुपर 90 प्रबंधन का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों, फ्रेंचाइजी आधारित प्रतियोगिता और 90 गेंदों के अनूठे प्रारूप का संयोजन केन्या में क्रिकेट को लेकर नई दिलचस्पी पैदा करेगा। तीन से 12 दिसंबर तक होने वाले इस आयोजन में दुनिया के अलग-अलग क्रिकेट देशों के खिलाड़ी एक मंच पर दिखाई देंगे और नैरोबी क्रिकेट के एक नए रोमांच का गवाह बनेगा।

 

 

Next Post

विद्यार्थियों ने रंगों से उकेरी मेरे सपनों के भारत की कल्पना

Mon Sep 28 , 2026
शाजापुर, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस बीकेएसएन शासकीय महाविद्यालय शाजापुर में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई. प्रभारी प्राचार्य डॉ. एसके तिवारी के मार्गदर्शन, प्रो. मीनू गिडवानी और सेवा संकल्प अभियान की नोडल अधिकारी डॉ. अर्चना वर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित प्रतियोगिता की संयोजक डॉ. श्वेता […]

You May Like