इंदौर, इंदौर कॉन्सर्ट में कई पाबंदियों और 4 गानों पर रोक के बीच दिलजीत दोसांझ ने स्टेज पर उतरकर राहत इंदौरी की फेमस शायरी सुनाई और विरोधियों को करारा जवाब दिया।
पॉपुलर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इन दिनों वे अपने चर्चित ‘ऑरा टूर’ के तहत देश के अलग-अलग शहरों में लाइव परफॉर्मेंस दे रहे हैं। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में उनका भव्य कॉन्सर्ट आयोजित हुआ।
हालांकि, इस कॉन्सर्ट से ठीक पहले दिलजीत को भारी विरोध और कई तरह की पाबंदियों का सामना करना पड़ा। इसके बाद भी दिलजीत ने न केवल मंच संभाला, बल्कि अपने बेबाक अंदाज और फेमस शायर राहत इंदौरी के शेर के जरिए विरोध करने वालों को सीधा संदेश भी दे डाला।
महाकाल की नगरी में जयकारे के साथ शुरू हुआ कॉन्सर्ट
इंदौर के स्टेज पर कदम रखते ही दिलजीत दोसांझ ने सबसे पहले वहां मौजूद हजारों फैंस से ‘जय श्री महाकाल’ का जयकारा लगवाया। माहौल में जोश भरने के बाद उन्होंने सीधे तौर पर उन पाबंदियों का जिक्र किया, जो उनके शो से पहले लगाई गई थीं।
सिंगर ने बेहद सधे हुए लेकिन तीखे लहजे में कहा कि उन्हें लगातार यह हिदायत दी जा रही थी कि वे कौन से सॉन्ग गा सकते हैं और कौन से नहीं। उन्होंने साफ किया कि उनके मुंह से जो शब्द निकलते हैं, वही उनकी सच्चाई है और उन पर किसी दूसरे की जुबान थोपी नहीं जा सकती।
राहत इंदौरी के शेर से विरोधियों को दिया जवाब
अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए दिलजीत ने इंदौर की ही मिट्टी के फेमस शायर दिवंगत राहत इंदौरी की लाइनों का सहारा लिया। उन्होंने मंच से पूरे जोश के साथ सुनाया कि अगर कोई खिलाफ है तो होने दो, यह सब धुआं है कोई आसमान थोड़ी है।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने इस शेर की सबसे फेमस लाइन दोहराई कि इस देश की मिट्टी में सभी का खून शामिल है और यह हिंदुस्तान किसी के बाप का नहीं है। उनके इस अंदाज ने मैदान में मौजूद लोगों के उत्साह को दोगुना कर दिया और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
बच्चों पर असर का हवाला देकर गानों पर लगी रोक
दरअसल इस पूरे विवाद की जड़ कॉन्सर्ट से पहले प्रशासन और विरोध करने वालों द्वारा लगाई गई शर्तें थीं। कॉन्सर्ट शुरू होने से पहले दिलजीत दोसांझ को उनके 4 बेहद फेमस गाने ‘पटियाला पेग’, ‘5 तारा ठीके’, ‘जीब विचो फीम लब्बिया’ और ‘जट उत्थे फायर करदा जिथे पाबंदी हथियारा दी’ न गाने की सख्त हिदायत दी गई थी।
इन गानों पर रोक लगाने के पीछे यह तर्क दिया गया कि इनके बोल बच्चों और युवाओं पर नेगेटिव प्रभाव डालते हैं। इसी वजह से शो के आयोजन को लेकर भी कई तरह की अड़चनें पैदा करने की कोशिश की गई।
