केरलम रेलवे पुलिस ने सबरीमाला तीर्थयात्रियों के लिए पांच प्रमुख स्टेशनों पर पुलिस सहायता केन्द्र बनाये

तिरुवनंतपुरम, 16 नवंबर (वार्ता) केरलम रेलवे पुलिस ने वार्षिक सबरीमाला तीर्थयात्रा के लिए पांच प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 24 घंटे काम करने वाले पुलिस सहायता केंद्र बनाये हैं। यह व्यवस्था ट्रेन से राज्य में आने वाले भगवान अयप्पा के श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए की गई है।

ये सहायता केन्द्र एर्नाकुलम, चेंगन्नूर, तिरुवल्ला, कोट्टायम और कायमकुलम स्टेशनों पर बनाये गए हैं।

ये इंतजाम सोमवार शाम को सबरीमाला मंदिर के खुलने से पहले किए गए हैं। यहां वार्षिक ‘मंडलम-मकरविलक्कू’ उत्सव मनाया जाएगा, जो मंगलवार 17 नवंबर (मलयालम महीने ‘वृश्चिकम’ का पहला दिन) से शुरू हो रहा है।

ये सहायता केंद्र 24 घंटे काम करेंगे। यहां श्रद्धालुओं को यात्रा से जुड़ी जानकारी, दिशा-निर्देश, सुरक्षा संबंधी मदद और आपातकालीन स्थिति में सहायता मिलेगी। सबरीमाला की आगे की यात्रा के दौरान मार्गदर्शन चाहने वाले तीर्थयात्रियों के लिए ये केंद्र एक समर्पित सुविधा केंद्र के रूप में काम करेंगे।

आधुनिक तकनीक की मदद से रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा निगरानी और समन्वय को भी मजबूत किया गया है। तीर्थयात्रियों की आवाजाही पर नजर रखने और आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस की मदद उपलब्ध कराने के इंतजाम किए गए हैं।

ये सहायता केन्द्र तिरुवनंतपुरम में रेलवे पुलिस कमांडेंट कंट्रोल सेंटर की देखरेख और समन्वय में काम करेंगे। तीर्थयात्री मदद और जानकारी के लिए नियंत्रण केन्द्र को 9846200100 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए वे 112 नंबर डायल कर सकते हैं। इसके अलावा रेलवे से जुड़ी सुरक्षा सहायता और शिकायतों के लिए भारतीय रेलवे की हेल्पलाइन 139 पर भी संपर्क किया जा सकता है। केरलम पुलिस के आधिकारिक पोल-ऐप के जरिए भी कई पुलिस सेवाएं ली जा सकती हैं।

रेलवे पुलिस अधीक्षक बी. कृष्णकुमार ने कहा कि जो श्रद्धालु ट्रेन यात्रा के दौरान किसी परेशानी का सामना कर रहे हैं या जिन्हें सुरक्षा से जुड़ी कोई समस्या है, वे मदद के लिए संबंधित रेलवे स्टेशनों पर बने पुलिस सहायता केंद्रों से संपर्क कर सकते हैं। इन विशेष व्यवस्थाओं का उद्देश्य तीर्थयात्रा के मौसम में रेल मार्ग से केरलम पहुँचने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए एक सुरक्षित, सुगम और परेशानी-मुक्त यात्रा सुनिश्चित करना है।

 

 

 

Next Post

कार बूथ में शूट हुआ था शाहरुख खान का ये सीन, ‘तू मिल जाए’ के बिहाइंड द सीन फोटोज आए सामने

Mon Nov 16 , 2026
मुंबई, शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ के BTS फोटोज सामने आए हैं। कोरियोग्राफर पियूष भगत ने केपटाउन शूटिंग की झलक दिखाई, जिसमें शाहरुख के खास पल देखने को मिले। शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है। फिल्म के […]

You May Like