सिंगरौली : जिले की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर गौरव बैनल ने पूर्व में कन्या शिक्षा परिसर गड़ेरिया के निरीक्षण के दौरान छात्राओं से संवाद किया था। उस दौरान छात्राओं ने पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों के लिए बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल एवं पिकलबॉल कोर्ट की आवश्यकता बताई थी। कलेक्टर ने उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र खेल सुविधाएं विकसित कराने का आश्वासन दिया था।
कलेक्टर के निर्देश एवं सतत मॉनिटरिंग के बाद परिसर में बैडमिंटन, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल तथा पिकलबॉल कोर्ट का निर्माण पूरा कर लिया गया। शुक्रवार को इन खेल सुविधाओं का विधिवत शुभारंभ छात्राओं द्वारा किया गया। इस अवसर पर देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम भी उपस्थित रहे। शुभारंभ के साथ ही सभी खेलों के लिए आवश्यक उपकरण भी छात्राओं को उपलब्ध कराए गए, जिससे वे तत्काल अभ्यास शुरू कर सके। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार है। जिला प्रशासन बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारी, विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
