नयी दिल्ली, 13 मई (वार्ता) टेस्टी निबल्स के ब्रांड नाम से डिब्बाबंद खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाली कंपनी एचआईसी एबीएफ स्पेशल फूड्स ने देश और विदेश में विस्तार की योजना बनायी है, और इसी क्रम में उसने बुधवार को मशहूर मॉडल, अभिनेता, फिल्म निर्माता एवं फिटनेस प्रोत्साहक मिलिंद सोमन को ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की। टेस्टी निबल्स के प्रबंध निदेशक चेरियन कुरियन ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “टेस्टी निबल्स का हमेशा से मानना रहा है कि खाद्य पदार्थों के उद्योग का भविष्य स्वास्थ्य, सुविधा और भरोसे पर टिका हुआ है। मिलिंद सोमन को अपने साथ लाने के साथ ही हम टूना मछली को भारतीयों के रोजमर्रा के भोजन का हिस्सा बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठा रहे हैं। देश में अभी बहुत कम लोग टूना खाते हैं और हमारे पास यह बड़ा अवसर है कि हम लाखों परिवारों तक उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन का बेहतर विकल्प पहुंचाएं।” उन्होंने कहा कि दुनिया भर में टूना एक लोकप्रिय प्रोटीन स्रोत है, लेकिन भारत में इसका उपयोग अभी भी काफी कम है। एक अरब 4० करोड़ से अधिक आबादी वाले देश में इस श्रेणी में तेज वृद्धि की बड़ी संभावना है।
श्री सोमन ने कहा, “मेरा हमेशा से मानना रहा है कि अच्छी सेहत की शुरुआत हमारे रोज के भोजन से होती है। लीन प्रोटीन के लिए टूना एक आसान और प्रभावी स्रोत है। मैं इस अभियान का हिस्सा बनकर खुश हूं, जो लोगों को बेहतर और स्वास्थ्यवर्धक भोजन चुनने के लिए प्रेरित करता है।”
मीडिया के सवालों के जवाब में कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि देश के बाहर कंपनी जापान में सबसे ज्यादा निर्यात करती है। उन्होंने स्वीकार किया कि पश्चिम एशिया संकट के कारण खाड़ी के देशों में कंपनी का निर्यात पूरी तरह बंद हो गया है। साथ ही दूसरे देशों को होने वाले निर्यात की लागत बढ़ गयी है। कंपनी के अनुसार, टूना में उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन, ओमेगा-3 फैटी एसिड और आवश्यक विटामिन प्रचुर मात्रा में पाये जाते हैं। इसमें कार्बोहाइड्रेट नहीं होता, वसा कम होती है और यह स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों के लिए दैनिक आहार का आसान विकल्प माना जाता है। कंपनी ने अपने डिब्बाबंद टूना की विशेषताओं का भी उल्लेख किया, जो साफ किया हुआ, पकाया हुआ और तुरंत खाने योग्य उत्पाद है। इसका मुलायम और बिना कांटों वाला सफेद मांस सलाद, सैंडविच, रोल जैसे कई व्यंजनों में आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है। टेस्टी निबल्स देश में टूना खाने की आदत को लोकप्रिय बनाते हुए अपने कारोबार को विस्तार देना चाहती है।
कार्यक्रम में कंपनी के उपाध्यक्ष (बिक्री) सुनील पी. कृष्णन और वरिष्ठ प्रबंधक (मुख्य लेखा) मनोज टी.पी. भी उपस्थित रहे।

