मुंबई, 14 नवंबर (वार्ता)दक्षिण भारतीय सिनेमा के सितारों से सजी फिल्म ‘ओम: चैप्टर 1 – उधिरम: द ब्लड वुड’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में धनुष का जबरदस्त एक्शन अवतार, ममूटी की दमदार मौजूदगी और साई पल्लवी का बेखौफ अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बनी इस एक्शन ड्रामा फिल्म का ट्रेलर शानदार विजुअल्स, बड़े पैमाने पर फिल्माए गए एक्शन दृश्यों और जबरदस्त टकराव से भरपूर है। यह फिल्म की रोमांचक दुनिया और बड़े पर्दे पर मिलने वाले सिनेमाई अनुभव की झलक पेश करता है।
ट्रेलर में धनुष अपने चिर-परिचित अंदाज में दमदार एक्शन करते नजर आ रहे हैं, जबकि ममूटी अपनी खामोश लेकिन प्रभावशाली मौजूदगी से दर्शकों को प्रभावित करते हैं। वहीं, साई पल्लवी आईपीएस अधिकारी नित्या रेड्डी की भूमिका में बेखौफ और तीखे अंदाज में दिखाई दे रही हैं। श्रीलीला अपने किरदार के जरिए कहानी में ताजगी और हल्के-फुल्के पलों का रंग भरती नजर आती हैं। साई अभ्यंकर का संगीत ट्रेलर को और प्रभावशाली बनाता है। संगीत जहां कहानी के सस्पेंस और तनाव को बढ़ाता है, वहीं एक्शन दृश्यों को भी दमदार प्रभाव देता है। ट्रेलर से पहले फिल्म के तीन गाने ‘अलाका लूवा’, ‘वीझा वीरा’ और ‘सेन्जुदारे’ रिलीज किए जा चुके हैं।

