अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ पर कानूनी संकट, भाभी रमोला बच्चन ने 1993 के ‘गिफ्ट डीड’ को दी चुनौती, जानें मामला

Jalsa Bungalow Controversy: मुंबई, अमिताभ बच्चन का बंगला ‘जलसा’ कानूनी विवाद में घिर गया है। उनकी भाभी रमोला बच्चन ने 1993 के उस गिफ्ट डीड को चुनौती दी है, जिसके जरिए मिल्कियत जया बच्चन को ट्रांसफर की गई थी।

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का फेमस बंगला ‘जलसा’ इन दिनों एक कानूनी विवाद को लेकर चर्चा में है। मुंबई के जुहू में स्थित इस आलीशान बंगले की मिल्कियत को लेकर बच्चन परिवार के अंदर ही सवाल उठने लगे हैं।

अमिताभ बच्चन की भाभी रमोला बच्चन ने साल 1993 में तैयार की गई एक गिफ्ट डीड की वैधता को चुनौती दी है। इसी डॉक्यूमेंट के जरिए बंगले का मालिकाना हक जया बच्चन के नाम ट्रांसफर किए जाने की बात कही जा रही है।

1993 की गिफ्ट डीड को लेकर क्या है मामला
इस पूरे विवाद की सबसे अहम कड़ी लगभग 33 साल पुराना एक डॉक्यूमेंट है। रमोला बच्चन की शिकायत के अनुसार जिस गिफ्ट डीड के आधार पर जलसा बंगले का मिल्कियत जया बच्चन के नाम किया गया था, उसकी कानूनी प्रोसेस में कई खामियां थीं।

रमोला की ओर से दावा किया गया है कि यह डॉक्यूमेंट सादे कागज पर तैयार किया गया था और इस पर जरूरी स्टाम्प ड्यूटी का भुगतान भी नहीं किया गया था। इतना ही नहीं, मूल दस्तावेज पर गवाहों के साइन होने को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं।

प्रॉपर्टी कार्ड और सोसायटी रिकॉर्ड के नामों में अंतर
इस पूरे मामले में एक और जरूरी बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि हाउसिंग सोसायटी के रिकॉर्ड में जलसा बंगले का मालिकाना हक जया बच्चन के नाम लिखा है, जबकि महाराष्ट्र सरकार के ऑफिशियल प्रॉपर्टी कार्ड में अब भी रमोला बच्चन का नाम मौजूद है।

इसी अंतर को लेकर इस झगड़े ने नया मोड़ ले लिया है। रमोला का नाम हटाकर जया बच्चन का नाम दर्ज कराने की कोशिशों के बीच यह मामला अधिकारियों तक पहुंच गया।

शिकायत मिलने के बाद संबंधित विभाग के उप-पंजीयक फैयाज मुलाणी ने साफ किया कि मामले में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगे गए हैं। बता दें कि अब इस पूरे विवाद में सभी पक्षों के डॉक्यूमेंट और साक्ष्य अहम होंगे। हालांकि अभी तक इस शिकायत पर कोई आखिरी कानूनी फैसला सामने नहीं आया है।

बच्चन परिवार की ओर से नहीं आया रिएक्शन
जलसा सिर्फ अमिताभ बच्चन का घर नहीं, बल्कि उनके फैंस के लिए भी खास पहचान रखता है। हर रविवार को उनके घर के बाहर फैंस की भीड़ जुटती है। ऐसे में बंगले से जुड़ा यह विवाद चर्चा का मुद्दा बन गया है। फिलहाल अमिताभ बच्चन, जया बच्चन और परिवार के अन्य सदस्यों की ओर से इस मामले पर कोई ऑफिशियल रिएक्शन सामने नहीं आया है।

Next Post

स्टेट बार काउंसिल में आज होगा मतदान,

Sun Nov 15 , 2026
जबलपुर:मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल में आज रविवार को होने वाला चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। काउंसिल के इतिहास में पहली बार अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए हाथ उठाकर सहमति जताने की पुरानी परंपरा के स्थान पर बाकायदा मतदान कराया जाएगा। बार काउंसिल ऑफ इंडिया के […]

You May Like