बड़ी बजट वाली फिल्में कम बजट वाले सिनेमा के लिए खतरा, ‘पैन-इंडिया’ अवधारणा एक बड़ा घोटाला : अनुराग कश्यप

हैदराबाद, 15 नवंबर (वार्ता) फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने ‘पैन-इंडिया’ फिल्म अवधारण को एक बड़ा घोटाला बताया है। उन्होंने कहा है कि बड़े बजट वाली फिल्में सिनेमा की मूल भावना को नुकसान पहुंचा रही हैं और कम बजट वाली फिल्मों के अस्तित्व के लिए खतरा बन गई हैं।
शनिवार को यहां डॉ. बी.आर. अंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय (बीआरएओयू) में आयोजित ‘छाया साहित्य महोत्सव’ में बोलते हुए उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के तमिल सिनेमा में अच्छी फिल्में बन रही हैं। उन्होंने मानव जीवन में साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
बीआरएओयू के कुलपति प्रो. घंटा चक्रपाणि ने कहा कि यह उत्सव तेलुगु साहित्य और अन्य भारतीय तथा अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक परंपराओं के बीच एक सेतु बनाने के लिए आयोजित किया जा रहा है।
अभिनेत्री रोहिणी, तमिल कवयित्री और पूर्व द्रमुक सांसद सलमा, मृणालिनी और कश्मीरी कवयित्री निगहत साहिबा ने “समाज को चुनौती देने वाला साहित्य क्यों ज़रूरी है?” विषय पर एक चर्चा में हिस्सा लिया। अमेरिकी लेखक पीटर कॉन्स्टेंटाइन और कवि याकूब ने “कविता, वैश्वीकरण एवं अलगाव” विषय पर अपने विचार साझा किए।

तमिल लेखक जयमोहन, कन्नड़ लेखक विवेक शानबाग, एमएलसी गोराती वेंकन्ना, वरिष्ठ पत्रकार पशम यदागिरी और कई अन्य साहित्यकारों ने भी विभिन्न सत्रों में भाग लिया।
दो दिवसीय महोत्सव के उद्घाटन दिवस पर ‘अमरानंदम प्रेमा’, ‘एडु गजाला कोका’, ‘ऊरु भंगम’, ‘अम्मा नन्नाकू’, ‘नीली नीडालु’ और ‘कलालु कन्ना पिल्ललु’ सहित छह पुस्तकें जारी की गईं।
इस आयोजन में 50 से अधिक स्टॉलों वाली पुस्तक प्रदर्शनी और फ्ली मार्केट मुख्य आकर्षणों में शामिल थे। पार्श्व गायकों साईं चरण भास्करुनी और हरिणी की संगीतमय प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मनोरंजन किया।
इस आयोजन में संगीत और साहित्य, बोलियों, तेलुगु साहित्यिक आंदोलनों, शहरी विषयों पर आधारित कहानियों, व्यंग्य और विरोध जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसमें तेलुगु, तमिल, मराठी, कन्नड़, उर्दू, बंगाली, अंग्रेज़ी और अन्य भाषाओं के लेखक एवं वक्ता शामिल हुए।
छाया साहित्य महोत्सव के निदेशक और वरिष्ठ पत्रकार डॉ. के. श्रीनिवास ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य अलग-अलग भाषाई पृष्ठभूमि वाले लेखकों, कवियों, विद्वानों और पाठकों के बीच साहित्यिक चर्चाओं और विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।
आयोजकों ने कहा कि देश-विदेश की साहित्यिक हस्तियों को एक साझा मंच पर लाने से सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में मदद मिलेगी और तेलंगाना को राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक चर्चाओं के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकेगा

.....

Next Post

कनाडा के ऑटो उद्योग को नुकसान पहुंचाने वाला अमेरिकी व्यापार समझौता स्वीकार नहीं करेंगे : कार्नी

Sun Nov 15 , 2026
मनीला, 15 नवंबर (वार्ता) कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि उनका देश अमेरिका के साथ ऐसा कोई व्यापार समझौता स्वीकार नहीं करेगा, जिससे उसके वाहन उद्योग की व्यवहार्यता प्रभावित हो। उन्होंने दोनों देशों के बीच लंबे समय से जारी शुल्क विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत में […]

You May Like