कनाडा के ऑटो उद्योग को नुकसान पहुंचाने वाला अमेरिकी व्यापार समझौता स्वीकार नहीं करेंगे : कार्नी

मनीला, 15 नवंबर (वार्ता) कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि उनका देश अमेरिका के साथ ऐसा कोई व्यापार समझौता स्वीकार नहीं करेगा, जिससे उसके वाहन उद्योग की व्यवहार्यता प्रभावित हो। उन्होंने दोनों देशों के बीच लंबे समय से जारी शुल्क विवाद को सुलझाने के लिए बातचीत में प्रगति होने की बात कही।

श्री कार्नी ने कहा, “यह सरकार अमेरिका के साथ ऐसा समझौता नहीं करेगी, जो कनाडा के वाहन उद्योग के टिकाऊ भविष्य के अनुकूल न हो।” उन्होंने वाहन उद्योग को द्विपक्षीय व्यापार वार्ता के सबसे अहम और चुनौतीपूर्ण मुद्दों में से एक बताया।
फिलीपींस में तीन दिवसीय आसियान शिखर सम्मेलन में शामिल होने से पहले श्री कार्नी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर और व्हाइट हाउस के अन्य अधिकारियों से बातचीत की। ट्रंप के साथ अपनी बातचीत को लंबी और सार्थक बताते हुए उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष व्यापार मतभेद दूर करने की दिशा में प्रगति कर रहे हैं, हालांकि अभी समझौता नहीं हुआ है।
श्री कार्नी ने कहा कि कनाडा और अमेरिका के वाहन उद्योग छह दशक से एक-दूसरे से जुड़े हैं और इससे दोनों देशों के कामगारों, उपभोक्ताओं तथा निर्माताओं को लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर अमेरिकी मुक्त व्यापार समझौते (नाफ्टा) और बाद में कनाडा-अमेरिका-मेक्सिको समझौते (कुस्मा) के तहत इस एकीकरण का विस्तार हुआ, जिसमें मेक्सिको भी अहम भागीदार बना।
उन्होंने कहा कि तकनीकी बदलाव, अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा और इलेक्ट्रिक तथा कनेक्टेड वाहनों की ओर बढ़ते रुझान से उद्योग में बड़े निवेश की जरूरत पैदा हुई है। श्री कार्नी के अनुसार, कनाडा के वाहन कलपुर्जा उद्योग से जुड़े रहना अमेरिकी वाहन क्षेत्र की दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धा के लिए भी महत्वपूर्ण है।
अगस्त में बातचीत से कनाडा के हटने के बाद विवाद बढ़ गया था। श्री कार्नी के अनुसार, उस समय ट्रंप प्रशासन ने आखिरी समय में ऐसी शर्तें रखीं जिन्हें ओटावा स्वीकार नहीं कर सकता था। इसके बाद अमेरिका ने कनाडा के 20 अरब डॉलर के निर्यात पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाया, जिसके जवाब में कनाडा ने भी शुल्क लगाने की घोषणा की।
मनीला में श्री कार्नी ने आसियान और फिलीपींस के साथ दो व्यापार समझौतों की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि कनाडा विश्वसनीय व्यापारिक साझेदारों का नेटवर्क बढ़ाना चाहता है, ताकि अमेरिकी बाजार पर उसकी निर्भरता घटे और कनाडाई कारोबारियों तथा कामगारों के लिए नए अवसर पैदा हों।

.....

Next Post

विदिशा में छठ महापर्व की रौनक, पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने की सूर्य देव की उपासना

Sun Nov 15 , 2026
विदिशा । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर विदिशा के बेतवा घाट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। रविवार शाम भोजपुरी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। छठ पर्व को लेकर […]

You May Like