विदिशा । लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर विदिशा के बेतवा घाट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। रविवार शाम भोजपुरी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया की पूजा-अर्चना की।
छठ पर्व को लेकर भोजपुरी समाज के 150 से अधिक परिवारों में खासा उत्साह नजर आया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की सामग्री से सजे सूप लेकर बेतवा घाट पहुंचीं। सूप में मौसमी फल, गन्ना, हरी सब्जियां, फूल और घर में तैयार किए गए पारंपरिक पकवान शामिल रहे।
व्रती महिलाओं ने बेतवा नदी के जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गई। घाट पर सामूहिक पूजा और छठी मैया के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
छठ पूजा की परंपरा के अनुसार सोमवार सुबह व्रती महिलाएं एक बार फिर बेतवा घाट पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा और व्रती महिलाएं व्रत का पारण करेंगी।
