
जबलपुर। राज्य सभा सांसद विवेक तंखा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को मध्य प्रदेश की पहली महिला जो एवरेस्ट की शिखर की चोटी पर पहुँची उन्हें सम्मान से नवाजने के लिए पत्र लिखा है।
उन्होंने लिखा है कि हाल ही में साहसिक खेलों में विक्रम अवॉर्ड के लिए जो नॉमिनेशन हुए हैं, उनमें हमारे प्रदेश की एक बेटी मेधा परमार का नाम इस महत्वपूर्ण अवॉर्ड के लिए चयनित होने से किसी कारणवश छूट गया है, जबकि जिन दो बेटियों ने 22 मई 2019 को दुनिया की सबसे ऊंची छोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया था, उनमें मेधा परमार प्रथम थी, जबकि भावना डेहरिया ने एवरेस्ट समिट पूर्ण करने में मेघा से करीब 5 घंटे का समय ज्यादा लिया था। एवरेस्ट समिट में द्वितीय क्रम पर आने वाली बेटी भावना का चयन म.प्र. सरकार द्वारा विक्रम अवॉर्ड के लिए कर लिया गया है, यह अच्छी बात है, किंतु प्रथम आने वाली बेटी मेघा को अवॉर्ड के लिए नामित न किया जाना इस बेटी के साथ- साथ प्रदेश के लाखों लोगों की भावना को ठेस पहुंचाना है। मेधा के लिए विक्रम अवार्ड पाने का नामांकन प्रक्रिया के अनुसार यह अंतिम अवसर है। यह बात भी उल्लेखनीय है कि प्रदेश में संचालित “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान में मेधा परमार को ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया था और अब भावना को यह अवसर मेघा के बाद हासिल हुआ। दोनों ही हमारे प्रदेश की शान और धरोहर हैं।
पूर्व में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा इस अवार्ड के लिए अपनाई गई चयन प्रक्रिया भी एक उदाहरण के रूप में सामने हैं। प्रदेश के युवा पर्वतारोही भगवान सिंह और रत्नेश के बीच इस समिट को कंपलीट करने में एक दिन का अंतर था। सरकार ने एमपी का गौरव बढ़ाने वाले दोनों व्यक्तित्वों को विक्रम अवॉर्ड प्रदान कर उनका सम्मान बढ़ाया था। प्रतिभाओं के प्रोत्साहन और नारी सम्मान के मामले में मध्यप्रदेश अत्यंत संवेदनशील प्रदेश है। जनमानस में बेटियों के लिए यहाँ बहुत आदर और सम्मान है।
जानकारी मिली है कि आगामी 12 जून 2025 को यह अवॉर्ड प्रदान किया जाना है, परन्तु मेधा को विक्रम अवार्ड के लिए नामांकित न किया जाना काफी दुखद है और इससे प्रदेश के खिलाडियों में भारी निराशा का भाव है। बेटियों के प्रति आपकी संवेदनशीलता कई अवसरों पर सामने आई है इसीलिए आपसे मेरा अनुरोध है आप मेरी बात अन्यथा न लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर इस विषय को विचार में लाएंगे और विशाल हृदय के साथ बेटी मेधा परमार के साथ न्याय करते हुए प्रतिभाओं के सम्मान की रक्षा करेंगे।
