विशाल ददलानी की आवाज में रिलीज हुआ फिल्म ‘प्रताप’ का गाना ‘कैसे जियेंगे’

मुंबई, 16 नवंबर (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेता अमित साध और ईशा धर्मेंद्र देओल अभिनीत फिल्म ‘प्रताप’ का नया गाना ‘कैसे जियेंगे’ रिलीज कर दिया गया है। गायक विशाल ददलानी की दमदार और भावपूर्ण आवाज में सजे इस गाने में जुदाई का दर्द, टूटते रिश्तों और बिछड़ने के बाद जिंदगी में आगे बढ़ने के संघर्ष को दर्शाया गया है।प्रदीप रंगवानी और यूवी फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत इस गाने का संगीत रोहन रोहन ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल रोहन गोखले ने लिखे हैं। संगीत और गायकी का मेल गाने को भावनात्मक गहराई प्रदान करता है।

विशाल ददलानी ने गाने के बारे में कहा कि ‘कैसे जियेंगे’ अपनी भावनाओं के कारण सीधे दिल से जुड़ने वाला गीत है। उन्होंने अपनी आवाज के जरिए इसके दर्द और तड़प को महसूस कराने की कोशिश की है। उन्हें उम्मीद है कि श्रोता इस गाने में अपनी भावनाओं की झलक पाएंगे। संगीतकार रोहन प्रधान ने कहा कि इस गाने के माध्यम से किसी की याद और भावनात्मक नुकसान के एहसास को खूबसूरती से प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। रोहन गोखले के शब्दों और विशाल ददलानी की आवाज ने इस भावना को प्रभावशाली बनाया है।

अभिनेता अमित साध ने कहा कि यह गाना फिल्म की भावनात्मक गहराई को सामने लाता है। इसमें किरदारों के निजी संघर्ष, दर्द और संवेदनशीलता को अभिव्यक्ति मिली है। फिल्म ‘प्रताप’ में कर्तव्य, वफादारी और जवाबदेही जैसे विषयों के साथ मानवीय रिश्तों और भावनाओं को भी प्रमुखता दी गई है। ‘कैसे जियेंगे’ इसी भावनात्मक पक्ष को उजागर करता है। प्रदीप रंगवानी और यूवी फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत तथा यूवी म्यूजिक लेबल के तहत रिलीज यह गाना फिल्म की कहानी की एक महत्वपूर्ण झलक पेश करता है। फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

.....

Next Post

लक्ष्य सेन वर्ल्ड टूर फाइनल्स में जगह बनाने के लिए हांगकांग ओपन में भारतीय अभियान की करेंगे अगुवाई

Mon Nov 16 , 2026
नयी दिल्ली 16 नवंबर (वार्ता) भारत के लक्ष्य सेन बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स में जगह पक्की करने के लिए मंगलवार से शुरू होने वाले हांगकांग ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय अभियान की अगुवाई करेंगे। हाइलो ओपन और कुमामोटो मास्टर्स जापान में लगातार खिताब जीतने से लक्ष्य के रेस टू […]

You May Like