जीतू दिखा गए दम, भाजपाई खेमे में चिंता की लकीरें

महाकौशल के डायरी 

 अविनाश दीक्षित

पिछले दिनों कटनी जिले की बरही में आयोजित हुई कांग्रेस की जनाक्रोश सभा महाकौशल के साथ-साथ भोपाल में भी चर्चाओं का केंद्र बन गई। हुआ यूं कि सभा में जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार को घेरते हुए तमाम भ्रष्टाचार जनता को गिना डाले और वहीं मंच से स्थानीय टी आई को चेतावनी दे डाली कि अगर अवैध तरीके से कांग्रेस के कार्यकर्ता पर मुकदमा दर्ज किया तो तुम्हें संजय पाठक भी अब ज्यादा दिन तक नहीं बचा पाएंगे। सामान्य तौर पर एक चेतावनी थी लेकिन जीतू ने विधायक संजय पाठक का नाम लेकर कहा कि अब समय बदल गया है और यह समय कांग्रेस का है, इसने राजनीतिक गलियारों में जीतू को चर्चाओं का केंद्र बना दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो विजयराघवगढ़ में पांच बार चुनाव जीतने वाले संजय पाठक के किले को भेदना और जनता के बीच में कांग्रेस का विश्वास स्थापित करना उतना आसान नहीं होगा, मगर मौजूदा समीकरण और जनाक्रोश सभा में जिस प्रकार जनसैलाब नजर आया उसने तो भाजपा विधायक संजय पाठक के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी । चुनाव का समय ज्यादा दूर नहीं है, ऐसे में जीतू की गर्जना भाजपा के स्थानीय समीकरण बिगाड़ने वाली ना साबित हो जाए, इसके लिए स्थानीय भाजपा में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। खबर है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा भाजपा नेताओं को जनता से सीधे संवाद करने के निर्देश दिए हैं और अधिकारियों के साथ समन्वय करके हर जनसमस्या का तत्काल निराकरण कराने कहा है ताकि जनता का भाजपा पर विश्वास कायम रहे। चर्चा यह भी है कि अब भाजपा भी यहां किसी नये चेहरे को लाने की तैयारी में जुट गई है। जीतू के बयान पर अभी संजय पाठक ने कोई प्रतिक्रिया नहीं व्यक्त की है, सूत्रों की मानें तो अंदरूनी तौर पर जीतू को लेकर भाजपा विधायक ने भोपाल के शीर्ष नेतृत्व से संपर्क जरूर किया है।

जबलपुर में लगे पोस्टर 

उधर भाजपा विधायक संजय पाठक के जबलपुर में कई जगह लगाए गए पोस्टर भी चर्चाओं का केंद्र इन दिनों बने हुए हैं, स्थानीय तौर पर भाजपा के नेताओं के बीच में चर्चाओं का बाजार गर्म है कि आखिर जबलपुर में संजय पाठक की इतनी रुचि क्यों नजर आ रही है। जानकारी के अनुसार संजय पाठक के एक समर्थक के साथ उनकी बड़ी संख्या में पोस्टर जबलपुर में अनेक जगह टंगे हुए हैं जो स्थानीय भाजपा नेताओं के बीच चर्चा में बने हुए हैं।

सुर्खियों में पूर्व जिपं सदस्य की अमर्यादित बयानबाजी….

अंतर्कलह नाम ही ऐसा है कि जहां भी यह मौजूद होती है वहां बेड़ागर्क होना निश्चित रहता है। इस बात का ताजा उदाहरण बालाघाट जिले के खैरलांजी में दिखा। शरद पूर्णिमा के मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में जो हुआ उसने कांग्रेस के अनुशासन और पार्टी को शर्मसार कर दिया और फिर भाजपा के गलियारों में चुटकियां लेने का दौर शुरू हो गया। हुआ यूं कि सार्वजनिक मंच से कांग्रेस नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य राम कुमार नगपुरे ने अपनी ही पार्टी के विधायक विवेक विक्की पटेल को कह दिया कि विकास कार्य नहीं कराए हैं और ऐसी स्थिति में मैं तो विधायक को जूते मारूंगा। उन्होंने भाजपा के पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि वह जो कहते थे उसे पूरा करते थे, यहां तो कांग्रेसी विधायक खैरलांजी की करीब 30 पंचायतों में विकास कार्य पूरा नहीं कर पाए हैं। मामले में कांग्रेस विधायक विवेक विक्की पटेल और पार्टी की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है लेकिन जिले में चल रहीं चर्चाओं में इस बयानबाजी को तूफान आने से पहले की ख़ामोशी निरूपित किया जा रहा है। वहीं राजनीतिक विश्लेषक भी इसे आगामी पंचायत चुनावों से जोड़कर देख रहे हैं। उनका मानना है कि कांग्रेस संगठन को इस तरह के मामलों में अभी से ही सख्ती बरतनी चाहिए वर्ना इस गुटबाजी की कीमत चुकानी पड़ सकती है, जिसका सीधा लाभ भाजपा उठा सकती है। खबर है कि उपरोक्त कार्यक्रम में जहां एक ओर कांग्रेस नेता अपने ही विधायक के खिलाफ तीखी बयानबाजी कर रहे थे तो दूसरी तरफ वहां मौजूद स्थानीय जनता भी नगपुरे सहित कांग्रेस जिला अध्यक्ष की बुराई करने में जुटी थी।

Next Post

नवीन माध्यमिक शाला भवन कण्डरा का विधायक ने किया लोकार्पण

Fri Oct 30 , 2026
किरनापुर, जनपद शिक्षा केंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कंण्डरा में सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत 36.12 लाख की लागत से नवनिर्मित माध्यमिक शाला भवन का लोकार्पण मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार कर्राहे के द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज की तरक्की की सबसे मजबूत नींव है ।हमारा […]

You May Like