इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज बैडमिंटन: सतीश करुणाकरण, साई प्रतीक के-रुबन कुमार ने खिताब जीते

बेंगलुरु, 01 नवंबर (वार्ता) भारतीय शटलर सतीश करुणाकरण, साई प्रतीक के-रुबन कुमार ने रविवार को ‘इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज बैडमिंटन 2026’ टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग के खिताब जीते। टूर्नामेंट के कुल पांच में से दो खिताब भारत के शटलरों ने अपने नाम किए। पुरुष एकल के फाइनल में सतीश करुणाकरण ने हमवतन के तंकारा ज्ञान दत्त तलासिला को 21-9, 23-21 से हराकर खिताब जीता। सतीश करुणाकरण ने अपने पुरुष एकल अभियान की शुरुआत पहले दो राउंड में सर्वेश महेश यादव और दूसरी वरीयता प्राप्त (सेकंड सीड) जिनपॉल सोना को सीधे गेमों में हराकर की। इसके बाद, उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए आठवीं वरीयता प्राप्त भरत राघव को हराया, और फिर लोकेश रेड्डी कलागोटला को मात देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।

सेमीफाइनल मुकाबले में सतीश करुणाकरण ने तीसरी वरीयता प्राप्त मिथुन मंजूनाथ को 21-17, 20-22, 22-20 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। यह इस साल सतीश करुणाकरण का दूसरा बीडब्ल्यूएफ इंटरनेशनल चैलेंज खिताब है; इससे पहले उन्होंने स्लोवेनिया ओपन भी जीता था। इसके अलावा, उन्होंने 2023 और 2024 में क्रमशः ओडिशा और गुवाहाटी में दो बीडब्ल्यूएफ सुपर 100 बैडमिंटन खिताब भी जीते हैं।
पुरुष युगल में, पांचवीं वरीयता प्राप्त साई प्रतीक के. और रुबन कुमार रेथिनसाबपति की भारतीय जोड़ी ने मलेशिया के लाउ यी शेंग और ली यी बो को की जोड़ी को 31 मिनट में 21-15, 21-19 से हराकर खिताब जीता।

प्रतियोगिता के आखिरी दिन भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों को तीन फाइनल में हार का सामना भी करना पड़ा। महिला एकल के फाइनल में, डियांका वाल्डिया को थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त यातावीमिन केतक्लिएंग के हाथों 21-11, 21-10 से हार मिली।
वहीं महिला युगल में, तीसरी वरीयता प्राप्त अश्विनी भट के. और शिखा गौतम को जापान की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी मेई सुडो और माई तानाबे ने 21-13, 13-21, 21-19 से हरा दिया। भारत के सी लालरामसांगा और एंजेल पुनेरा भी मिश्रित युगल फाइनल में रूस के रोडियन अलीमोव और एलिना डेवलेटोवा से 21-12, 21-14 से हार गए।

.....

Next Post

दिल्ली में SIR के खिलाफ INDIA ब्लॉक की रैली, देशभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने क्या कहा? देखिए ग्राउंड रिपोर्ट

Sun Nov 1 , 2026
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को INDIA ब्लॉक की रैली के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित इस रैली में सुबह से […]

You May Like