मुंबई, 02 नवंबर (वार्ता)फिल्म निर्देशक एटली ने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपना मेंटर, मार्गदर्शक और सबसे बड़ी प्रेरणा बताया है। एटली ने इस खास मौके पर शाहरुख के साथ अपनी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की और उनके प्रति आभार व्यक्त किया। एटली ने अपने संदेश में लिखा, “इस शानदार सफर में मेरे मेंटर, मेरे मार्गदर्शक, मेरे शुभचिंतक और मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा बनने के लिए आपका शुक्रिया।” गौरतलब है कि शाहरुख खान और एटली की जोड़ी ने वर्ष 2023 में प्रदर्शित फिल्म ‘जवान’ के जरिए बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी। फिल्म ने दुनियाभर में 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। इसमें शाहरुख खान दोहरी भूमिका में नजर आए थे, जबकि नयनतारा, दीपिका पादुकोण और विजय सेतुपति ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। ‘जवान’ एटली की बतौर निर्देशक पहली हिंदी फिल्म थी और वर्ष की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही।
एटली ने शाहरुख के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा, “आपके साथ बिताए समय ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है, सिर्फ सिनेमा के बारे में ही नहीं, बल्कि जिंदगी, लोगों और हमेशा विनम्र बने रहने के बारे में भी।”उन्होंने शाहरुख की आगामी फिल्म ‘किंग’ को लेकर भी उत्साह जाहिर किया और लिखा, “सर, आपको बड़े पर्दे पर देखने का बेसब्री से इंतजार है। ‘किंग’ का इंतजार रहेगा।” उल्लेखनीय है कि शाहरुख खान को वर्ष 2025 में 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में फिल्म ‘जवान’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। यह उनका पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार था। इस श्रेणी में विक्रांत मैसी को भी फिल्म ’12वीं फेल’ के लिए संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया था। एटली ने अपने संदेश का समापन ‘हमेशा आभारी’ शब्दों के साथ किया। उनका यह संदेश शाहरुख के प्रति उनके सम्मान, स्नेह और ‘जवान’ के दौरान बनी मजबूत पेशेवर साझेदारी को दर्शाता है।

