नोएडा 02 नवंबर (वार्ता) गौरी शिक्षा फाउंडेशन एवं प्रोमेथियस स्पोर्ट्स अकादमी ने संयुक्त रूप ये यहां एशियन पैरा गेम्स 2026 में देश का मान बढ़ाने वाले भारतीय पैरा-एथलीटों और पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश का गौरव बढ़ाने वाले चैंपियंस को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को एक लाख रूपये, रजत पदक विजेता को 75 हजार रूपये और कांस्य पदक जीतने वाले को 50 हजार रूपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह में प्रवीण कुमार (ऊंची कूद – स्वर्ण), सिमरन शर्मा (100मी व 200मी दौड़ – दोहरे स्वर्ण), प्रीति पाल (100मी व 200मी दौड़ – रजत), सूर्यकांत यादव (पैरा बैडमिंटन युगल – कांस्य), स्वाति चौधरी (पैरा तीरंदाजी – रजत), वरुण सिंह भाटी (ऊंची कूद – रजत), अजीत सिंह (भाला फेंक – रजत), अशोक मलिक (पावरलिफ्टिंग – रजत), भावना चौधरी (पैरा तीरंदाजी युगल – रजत) तथा नितेश कुमार (पैरा बैडमिंटन) सहित अन्य पदक विजेताओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर प्रोमेथियस स्कूल के संस्थापक अध्यक्ष एवं गौरी शिक्षा फाउंडेशन के संस्थापक ट्रस्टी मुकेश शर्मा ने कहा कि प्रोमेथियस स्पोर्ट्स अकादमी में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, ओलंपिक स्तर के स्विमिंग पूल, शूटिंग और जिम्नास्टिक जैसी विश्वस्तरीय सुविधाएं स्थापित की गई हैं, और उनका लक्ष्य बच्चों को जमीनी स्तर से तैयार कर ओलंपिक के पोडियम तक पहुंचाना है। उन्होंने खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में माता-पिता की भूमिका को सर्वोपरि बताते हुए हर बच्चे को कम से कम एक खेल से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने देश में एथलीटों के संवर्धन के लिए काम कर रहे ‘ओलंपिक गोल्ड क्वेस्ट’ के प्रयासों की भी सराहना की।

