हरिद्वार, पतंजलि सिविल सर्विसेज अकादमी को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। अब तक 16 राज्यों से 1000 से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की एक विशेष बात यह है कि पहली बार पतंजलि योगपीठ के 50 सन्यासी भी यूपीएससी और पीसीएस परीक्षाओं की तैयारी के लिए इंटरव्यू में शामिल होंगे। यह अकादमी न केवल प्रशासनिक परीक्षाओं की तैयारी कराएगी, बल्कि अनुभवी मेंटर्स के मार्गदर्शन में छात्रों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान केंद्रित करेगी।
प्रशिक्षण और इंटरव्यू के लिए नि:शुल्क व्यवस्था
स्वामी रामदेव ने घोषणा की है कि 15 से 18 जुलाई तक चलने वाली प्रशिक्षण कार्यशाला और इंटरव्यू के दौरान सभी अभ्यर्थियों के लिए भोजन, आवास और अन्य सुविधाएं पूरी तरह नि:शुल्क होंगी। इसका संपूर्ण व्यय पतंजलि योगपीठ द्वारा वहन किया जाएगा। विशेष रूप से, वे छात्र जो पहले प्रीलिम्स और मेन्स उत्तीर्ण कर चुके हैं लेकिन इंटरव्यू में सफल नहीं हो पाए, वे भी इस कार्यक्रम के लिए आवेदन करने के पात्र हैं, जिससे उन्हें दोबारा तैयारी का सुनहरा अवसर मिल सके।
अकादमी का संचालन और आगामी कार्यक्रम
पतंजलि सिविल सर्विसेज अकादमी का नेतृत्व अवध ओझा (अध्यक्ष), एनपी सिंह (संरक्षक) और प्रो. (डॉ.) मयंक (सचिव) के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। पंजीकृत अभ्यर्थियों को 14 जुलाई की शाम तक पतंजलि योगपीठ पहुंचना अनिवार्य है। 21 जुलाई से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी, जिनमें देश के प्रतिष्ठित शिक्षक छात्रों को अपना मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। योगगुरु स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के विजन के अनुरूप यह अकादमी छात्रों को प्रशासनिक सेवाओं के लिए तैयार करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रही है।

