राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने लगातार तीसरी बार जीता एसएनबीपी अंडर-16 का खिताब

पुणे, 07 अक्टूबर (वार्ता) राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने राष्ट्रीय हॉकी में अपना दबदबा कायम रखते हुए 10वें एसएनबीपी ऑल इंडिया हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-16 बालक) में खिताबी हैट्रिक पूरी की। बालक वर्ग के फाइनल में अकादमी ने उत्तर प्रदेश के मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराकर यहां बालेवाड़ी म्हालुंगे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की।

पहले क्वार्टर में दोनों टीमों ने एक-दूसरे की रक्षापंक्ति को परखते हुए कड़ा मुकाबला किया, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे क्वार्टर में मुकाबले में तेजी आई। 26वें मिनट में सेमीफाइनल के नायक सन्मुख सिंह ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया और आर.जी.एच.ए. को 1-0 की बढ़त दिलाई।

हालांकि, मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज ने तुरंत जवाब दिया। उसके कप्तान सुनील पाल ने अगले ही मिनट फील्ड गोल दागकर स्कोर 1-1 कर दिया और हाफ टाइम तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं।

41वें मिनट में आर.जी.एच.ए. के कप्तान अभिजीत सिंह ने शानदार फील्ड गोल करते हुए टीम को एक बार फिर 2-1 की बढ़त दिलाई। आक्रामक दबाव बनाए रखते हुए शेरों ने 52वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया। सन्मुख सिंह ने गेंद को गोल में पहुंचाकर मैच का अपना दूसरा गोल किया और आर.जी.एच.ए. की बढ़त 3-1 कर दी।

उत्तर प्रदेश की टीम के लिए 56वें मिनट में शिवम यादव ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया और अंतिम चार मिनट बेहद तनावपूर्ण हो गए। हालांकि, आर.जी.एच.ए. की रक्षापंक्ति ने मजबूती से मोर्चा संभाला और आखिरी पलों में हुए हमलों को बेअसर करते हुए 3-2 की यादगार जीत के साथ चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

अकादमी की टीम ने अपने खिताब की रक्षा के अभियान की शुरुआत ग्रुप चरण में विजय हॉकी अकादमी के खिलाफ शानदार 8-0 की जीत के साथ की। इसके बाद डिस्ट्रिक्ट लेवल स्पोर्ट्स स्कूल, गुजरात के खिलाफ वॉकओवर जीत हासिल कर टीम ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

क्वार्टर फाइनल में आर.जी.एच.ए. ने जय गणेश अकादमी को 5-1 से हराया। इसके बाद सेमीफाइनल में टीम ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए ओडिशा की सेल हॉकी अकादमी को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

इस जीत के साथ राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने विश्वस्तरीय भारतीय हॉकी प्रतिभाओं की अगली पीढ़ी को तैयार करने और विकसित करने के लिए देश के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी स्थिति को और मजबूत किया है। स्थापना के बाद से 40 से अधिक खिताब जीत चुकी यह अकादमी देश की अग्रणी हॉकी अकादमियों में शुमार है।

Next Post

पटवारियों ने कामकाज बंद कर कलेक्ट्रेट में सौंपा ज्ञापन

Wed Oct 7 , 2026
सिंगरौली । पटवारियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई के विरोध में आज बुधवार को जिलेभर के पटवारी कामकाज बंद कर जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचे। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष प्रभाकर सिंह चौहान की अगुवाई में पटवारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। […]

You May Like