हर घर में कुछ ऐसे गहने जरूर होते हैं, जो सिर्फ सोने-चांदी के आभूषण नहीं, बल्कि परिवार की विरासत और यादों की पहचान होते हैं। नानी की चूड़ियां, दादी के झुमके या मां का पुराना हार अक्सर सालों तक अलमारी में संभालकर रखे रहते हैं। इन्हें पहनने का मन तो होता है, लेकिन पुराने डिजाइन के कारण कई बार ये आज के फैशन से मेल नहीं खाते। ऐसे में इन्हें तोड़कर नया बनवाने की जरूरत नहीं है। थोड़ी सी रचनात्मकता और स्टाइलिंग से पुराने गहनों को भी मॉडर्न लुक दिया जा सकता है। इससे उनकी पुरानी पहचान और उनसे जुड़ी यादें भी सुरक्षित रहेंगी।
गहनों को दें नया अंदाज
पुराने गहनों को नए तरीके से पहनकर उन्हें आज के फैशन का हिस्सा बनाया जा सकता है। इसके लिए कुछ आसान तरीके अपनाएं।
- भारी हार का पेंडेंट करें इस्तेमाल: पुराने भारी हार का पेंडेंट अलग करके उसे हल्की चेन के साथ पहनें। चाहें तो इसे जूड़े के पीछे ब्रोच की तरह भी सजा सकती हैं।
- चूड़ियों से बनाएं नया लुक: नानी की पुरानी चूड़ियों को कलाई पर पहनने के साथ बालों के जूड़े में गजरे के साथ सजाया जा सकता है।
- झुमकों को दें नया रूप: पुराने झुमकों को मांगटीके या दुपट्टे की पिन के रूप में इस्तेमाल करने के लिए किसी कारीगर की मदद लें।
- पारंपरिक गहनों को करें स्टाइल: नथ, बाजूबंद और कमरबंद जैसे गहने आज के परिधानों के साथ अलग और आकर्षक लुक दे सकते हैं।
बदलाव से पहले रखें ध्यान पुराने गहनों में किसी तरह का बदलाव कराने से पहले जानकार कारीगर से सलाह लें। उनकी बनावट, नक्काशी और पारंपरिक पहचान को नुकसान पहुंचाए बिना ही बदलाव करवाएं। हर गहने को नया बनाने की जरूरत नहीं होती। कई बार उसे पहनने का तरीका बदलना ही काफी होता है।विरासत की खूबसूरती सिर्फ उसकी कीमत में नहीं, बल्कि उससे जुड़ी यादों में भी होती है। इसलिए पुराने गहनों को अलमारी में बंद रखने के बजाय अपने स्टाइल का हिस्सा बनाएं।