क्राइस्टचर्च, 29 नवंबर (वार्ता) डेवन कॉन्वे (51) और रचिन रविंद्र (नाबाद 46) रनों की पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने रविवार को दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन दूसरी पारी में स्टंप्स के समय तीन विकेट पर 133 रन बना लिये है और उसने कुल 243 रनों की बढ़त के साथ मैच पर पकड़ बना ली है।
इससे पहले ध्रुव जुरेल (88) और पिछल्लु बल्लेबाजों की जुझारू पारियों के दम पर भारत ने दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को 246 स्कोर पहुंचा कर फालोऑन बचा लिया था। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को जसप्रीत बुमराह ने चायकाल से पहले कप्तान टॉम लेथम (आठ) को आउट कर पहला झटका दे दिया है। चायकाल के बाद 18वें ओवर में बुमराह ने हेनरी निकल्स (22) को अपनी ही गेंद पर कैच आउटकर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद रचिन रविंद्र ने डेवन कॉन्वे के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े। 33वें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने अपना अर्धशतक पूरा कर चुके डेवन कॉन्वे को आउटकर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। कॉन्वे ने 97 गेंदों में छह चौकों की मदद से 51 रन बनाये।
तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के समय न्यूजीलैंड ने दूसरी पारी में 46 ओवरों में तीन विकेट पर 133 रन बना लिये है। रचिन रवींद्र (नाबाद 46) और डैरिल मिशेल (नाबाद पांच) क्रीज पर मौजूद है।
इससे पहले आज यहां भारत ने कल के छह विकेट पर 116 रनों से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में मैट हेनरी ने अंशुल कम्बोज (शून्य) को आउट कर भारत के फालोऑन के संकट को और गहरा कर दिया था। ऐसे समय में बल्लेबाजी करने आये आकाश दीप ने ध्रुव जुरेल के साथ 46 रन जोड़ कर भारत को इस संकट से निकालने में मदद की। 60वें ओवर में नेथन स्मिथ ने आकाश दीप को आउट कर पवेलियन भेज दिया। उन्होंने 52 गेंदों में 29 रन बनाये। इसके बाद गुरनूर बराड़ ने भी धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी का परिचय देते हुए जुरेल के साथ नौवें विकेट के लिए 64 रन जोड़कर भारत का फालोऑन संकट समाप्त कर दिया। गुरनूर बराड़ 46 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुये।
भारत का आखिरी विकेट 87वें ओवर की पहली गेंद पर ध्रुव जुरेल के रूप में गिरा। उन्हें काइल जेमीसन ने आउट किया। ध्रुव जुरेल ने 170 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 88 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। न्यूजीलैंड की ओर से काइल जेमीसन ने चार विकेट लिये। मैट हेनरी और जेकब डफी को दो-दो विकेट मिले।
