क्राइस्टचर्च, 29 नवंबर (वार्ता) ध्रुव जुरेल (88) और पिछल्लु बल्लेबाजों की जुझारू पारियों के दम पर भारत ने दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन रविवार को 246 स्कोर पहुंचा कर फालोऑन बचा लिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को जसप्रीत बुमराह ने चायकाल से पहले पहला झटका दे दिया है। आज यहां भारत ने कल के छह विकेट पर 116 रनों से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में मैट हेनरी ने अंशुल कम्बोज (शून्य) को आउट कर भारत के फालोऑन के संकट को और गहरा कर दिया था। ऐसे समय में बल्लेबाजी करने आये आकाश दीप ने ध्रुव जुरेल के साथ 46 रन जोड़ कर भारत को इस संकट से निकालने में मदद की। 60वें ओवर में नेथन स्मिथ ने आकाश दीप को आउट कर पवेलियन भेज दिया। उन्होंने 52 गेंदों में 29 रन बनाये। इसके बाद गुरनूर बराड़ ने भी धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी का परिचय देते हुए जुरेल के साथ नौवें विकेट के लिए 64 रन जोड़कर भारत का फालोऑन संकट समाप्त कर दिया। गुरनूर बराड़ 46 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुये।
भारत का आखिरी विकेट 87वें ओवर की पहली गेंद पर ध्रुव जुरेल के रूप में गिरा। उन्हें काइल जेमीसन ने आउट किया। ध्रुव जुरेल ने 170 गेंदों में 14 चौकों की मदद से 88 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। न्यूजीलैंड की ओर से काइल जेमीसन ने चार विकेट लिये। मैट हेनरी और जेकब डफी को दो-दो विकेट मिले।
इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने चायकाल तक एक विकेट पर 36 रन बना लिये। डेवन कॉन्वे (नाबाद 12) और हेनरी निकल्स (नाबाद एक) क्रीज पर मौजूद है। भारत की ओर से एकमात्र सफलता जसप्रीत बुमराह को मिली। उन्होंने कप्तान टॉम लेथम (आठ) को बोल्ड आउट किया।
