नई दिल्ली, 28 नवंबर (वार्ता) वर्ल्ड चैंपियन और मौजूदा वर्ल्ड नंबर 1 मीनाक्षी हुड्डा तथा वर्ल्ड बॉक्सिंग कप की स्वर्ण पदक विजेता ज्योति गुलिया, सीजन के आखिरी वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स में भारत की 17 सदस्यीय टीम की अगुवाई करेंगी। भारत के आठ मुक्केबाज पुरुष वर्ग में और नौ महिला वर्ग में हिस्सा लेंगे, जिनमें मीनाक्षी और ज्योति पदक की प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं।
48 किग्रा वर्ग की मौजूदा चैंपियन मीनाक्षी, इटली की मार्टिना वासालो के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। वह गुइयांग में हुए वर्ल्ड बॉक्सिंग कप स्टेज 2 में 51 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीतने के बाद इस प्रतियोगिता में उतर रही हैं।
गुइयांग इवेंट में भारत की एकमात्र स्वर्ण पदक विजेता ज्योति, 48 किग्रा वर्ग के अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड की थिप्सचा योदवारी का सामना करेंगी। इस मुकाबले की विजेता सेमीफाइनल में मैक्सिको की फातिमा हेरेरा से भिड़ेगी।
अन्य भारतीय महिला मुक्केबाजों में, पूनम (54 किग्रा) का मुकाबला उज्बेकिस्तान की निगिना उक्तामोवा से होगा, जबकि प्राची (57 किग्रा) सर्बिया की नतालिया शाद्रिना से भिड़ेंगी। सनेह (65 किग्रा) का सामना थाईलैंड की पोर्नटिप बुआपा से होगा, और गितिमोनी गोगोई (70 किग्रा) का मुकाबला स्लोवाकिया की जेसिका ट्रेफोवा से होगा।
नैना (80 किग्रा) कजाकिस्तान की वालेरिया अक्सेनोवा के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेंगी, जबकि अल्फिया पठान (80 किग्रा) कजाकिस्तान की ही एक अन्य मुक्केबाज दीना इस्काम्बेकोवा का सामना करेंगी। थोकचोम एस. चानू (75 किग्रा) को ‘बाय’ मिला है, इसलिए वह सीधे सेमीफाइनल से प्रतियोगिता में प्रवेश करेंगी।
पुरुष वर्ग में, ऋषि सिंह (50 किग्रा) आर्मेनिया के रुडिक गारोयान से भिड़ेंगे, जबकि निखिल (55 किग्रा) का मुकाबला चीन के जियांग झे से होगा। अनमोल (60 किग्रा) अपने अभियान की शुरुआत जापान के शुनसुके के खिलाफ करेंगे। मलसावमत्लुंगा (80किग्रा) का मुकाबला रूस के बेख्तु शावलायेव से होगा, जुगनू (85) इटली के पाओलो कार्पेग्ना से भिड़ेंगे, और सावन गिल (90) का सामना आर्मेनिया के डेविड चालोयान से होगा।
हर्ष चौधरी (90) अपने अभियान की शुरुआत सेमीफाइनल में कजाकिस्तान के दौलेट तुलेमिसेव के खिलाफ करेंगे, जबकि आकाश (75) को सीधे अगले राउंड में प्रवेश (बाय) मिल गया है।
भारतीय टीम:
पुरुष: ऋषि सिंह (50), निखिल (55), अनमोल (60), आकाश (75), मलसावमत्लुंगा (80), जुगनू (85), हर्ष चौधरी (90) और सावन गिल (90)।
महिलाएं: ज्योति गुलिया (48), मीनाक्षी हुड्डा (51), पूनम (54), प्राची (57), सनेह (65), गितिमोनी गोगोई (70), थोकचोम एस. चानू (75), नैना (80) और अल्फिया पठान (80)।
