हरमनप्रीत और मंधाना के बीच मुकाबले पर रहेगी सबकी नजर

नवी मुंबई, (वार्ता) डब्ल्यूपीएल का महत्व पहले की तुलना में अब काफ़ी ज़्यादा हो चुका है। पिछले साल भारत की पहली विश्व कप जीत के बाद डब्ल्यूपीएल के मेगा ऑक्शन पर सभी की नज़रें थी। इसके अलावा जिस तरह से लीग में लगातार नई खिलाड़ी तैयार हो रही हैं, उससे इसकी चर्चा और हो रही है। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भारत की ख़िताबी जीत में डब्ल्यूपीएल के भी योगदान का ज़िक्र किया है। अब चौथे सीन में, लीग पूरी तरह से सिस्टम का हिस्सा है और कई खिलाड़ियों के करियर को बना रहा है।

इस तीन साल पुराने लीग में प्रतिद्वंद्विता अभी भी पनप रही है और मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु उसमें से एक है। आईपीएल की तरह डब्ल्यूपीएल में भी इन दोनों टीमों के पास भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े नाम शामिल हैं, हरमनप्रीत बनाम स्मृति मंधाना। इसके अलावा यही दोनों ऐसी टीमें हैं जिन्होंने अभी तक डब्ल्यूपीएल का ख़िताब जीता है। दोनों टीमों के बीच आमने-सामने के रिकॉर्ड में एमआई 4-3 से आगे है।

गत विजेता एमआई पहले ही सीजन से ही लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इस सीज़न की शुरुआत भी वह अपनी मजबूत टीम के साथ वैसे ही करना चाहेंगी। नीलामी से पहले उन्होंने पांच खिलाड़ियों को रिटेन किया था और नीलामी में उन्होंने अपने ज़्यादातर पुराने खिलाड़ियों को ही टीम में शामिल किया। जहां दूसरी टीमों में काफ़ी फ़ेरबदल हुए, एमआई ने अनुभव के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को भी महत्व दिया और अपनी टीम तैयार की।

वहीं, आरसीबी की टीम नई ऊर्जा के साथ टूर्नामेंट में उतरेगी। पिछले साल वह नॉकआउट में क़्वालिफ़ाई नहीं कर पाए थे और मेगा ऑक्शन में उन्होंने कई नए चेहरों को टीम में शामिल किया। टीम की प्रमुख बल्लेबा मंधाना ही हैं, लेकिन इस बार जॉर्जिया वॉल, ग्रेस हैरिस, ऋचा घोष और नडीन डी क्लर्क के आने से उनकी बल्लेबाज़ी काफ़ी मज़बूत हुई है। एलिस पेरी के बिना उनका टॉप ऑर्डर अभी तय नहीं है लेकिन वॉल, गौतमी नाइक एवं डी हेमलता के रूप में उनके पास विकल्प मौजूद हैं।

उनका गेंदबाज़ी आक्रमण भी बढ़िया दिख रहा है। मैनेजमेंट ने एक सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी यूनिट तैयार करने की कोशिश की थी और काफ़ी हद तक वह उसमें सफल भी हुए। तेज़ गेंदबाज़ों में लॉरेन बेल, अरुंधति रेड्डी, पूजा वस्त्रकर और डी क्लर्क हैं, वहीं स्पिन विकल्प में राधा यादव, श्रेयांका पाटिल और हैरिस शामिल हैं।

एमआई की गेंदबाज़ी में भले ही कहीं-कहीं अनुभव की कमी दिखती है लेकिन ऑलराउंडरों में टीम के पास नैट सिवर-ब्रंट, हेली मैथ्यूज, अमेलिया कर और अमनजोत कौर जैसी खिलाड़ी मौजूद हैं। इसके अलावा अनुभवी गेंदबाज शबनिम इस्माइल के होने से भी टीम को फ़ायदा होगा।

इसके अलावा एमआई के लिए एक और फ़ायदेमंद चीज़ ये है कि सीज़न का पहला हाफ उनके गढ़, नवी मुंबई में खेला जाएगा। इसी जगह पर विश्व कप का फ़ाइनल खेला गया था और दोनों कप्तान कई यादों के साथ मैच में उतरेंगी। इस मैच में नीली जर्सी वाली टीम को लाल जर्सी वाली टीम की तुलना में ज़्यादा समर्थन मिलने की उम्म्मीद है।

 

 

Next Post

निफाड के देवगांव में तेंदुआ पकड़ा गया

Fri Jan 9 , 2026
महाराष्ट्र, 09 जनवरी (वार्ता) महाराष्ट्र में निफाड के देवगांव क्षेत्र में वन विभाग ने गुरुवार को एक तेंदुए को पकड़ लिया। पिछले कुछ दिनों से नंदुरशिंगोटे और देवगांव इलाकों में तेंदुए की बढ़ती आवाजाही से किसान डरे हुए थे और दिन में तेंदुआ दिखने से खेती का काम प्रभावित हुआ […]

You May Like