चौथे चरण के चुनाव में शनिवार को होगा सियासी महासंग्राम, 468 केंद्रों पर मतदान

बारां, 13 नवम्बर (वार्ता) राजस्थान के बारां जिले में पंचायतराज चुनाव के तीसरे चरण के बाद अब शनिवार को चौथे चरण का चुनावी महासंग्राम होगा।

जिले की चार पंचायत समितियों और जिला परिषद के 16 वार्डों में होने वाले इस चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां चरम पर हैं। उम्मीदवार घर- घर दस्तक देकर गुहार लगा रहे है। कई वार्डों में कड़ा मुकाबला एवं त्रिकोणात्मक संघर्ष होने के आसार हैं, वहीं कुछ चर्चित सीटों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। चुनाव मैदान में राजनीतिक दलों के दिग्गज प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। ऐसे में कई नेताओं की प्रतिष्ठा का फैसला भी शनिवार को ईवीएम में बंद हो जायेगा।

मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच होता आया है, लेकिन तीसरे मोर्चे के रूप में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मौजूदगी ने चुनावी समीकरणों को दिलचस्प बना दिया है। बसपा की कमान भगत सिंह सेना के प्रमुख एवं किसान नेता नरेश मीणा संभाल रहे हैं। वहीं कांग्रेस की चुनावी कमान पूर्व मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया के हाथों में है। भाजपा संगठन के नेताओं के साथ जिले के तीनों विधायक राधेश्याम बैरवा, प्रताप सिंह सिंघवी और ललित मीणा के नेतृत्व में चुनावी रणनीति को अंजाम दे रहे हैं।

यहां पंचायतराज चुनाव में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों की अपेक्षा स्थानीय समस्याएं और विकास के मुद्दे अधिक प्रभावी नजर आ रहे हैं। गांवों की बुनियादी सुविधाएं, विकास कार्य और क्षेत्रीय समस्याएं प्रत्याशियों के प्रचार का प्रमुख आधार रहे। इसके साथ ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप, आमने-सामने के टकराव और पार्टी के भीतर उभरे बगावती तेवरों ने चुनावी मुकाबले को और रोचक बना दिया है।

बारां जिले में जिला परिषद के 16 वार्डों में कुल 53 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि चार पंचायत समितियों के 78 वार्डों में 280 उम्मीदवार अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। इस तरह कुल 333 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला मतदाता करेंगे।

 

 

Next Post

उत्तर कोरियाई हैकरों ने 40 करोड़ डॉलर से अधिक की क्रिप्टोकरेंसी चुरायी , अमेरिकी अधिकारियों का खुलासा

Fri Nov 13 , 2026
प्योंगयांग/वाशिंगटन, 13 नवंबर (वार्ता) अमेरिकी अधिकारियों ने खुलासा किया है कि उत्तर कोरिया समर्थित हैकर्स ने पीड़ितों को झांसा देने और उनके डिजिटल उपकरणों में संदिग्ध सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने के लिए फर्जी वीडियो कॉल का इस्तेमाल कर 40 करोड़ डॉलर से अधिक की क्रिप्टोकरेंसी चुरा ली है। एफबीआई ने इस […]

You May Like