एकता आर कपूर और अमर बुटाला की हॉरर फिल्म ‘हीरो की हॉरॉरोइन’ का फर्स्ट लुक जारी

मुंबई, 13 नवंबर (वार्ता) फिल्म निर्माता एकता आर कपूर और अमर बुटाला की आगामी हॉरर फिल्म ‘हीरो की हॉरॉरोइन’ का फर्स्ट लुक पोस्टर शुक्रवार 13 तारीख को जारी किया गया। साजिद खान के निर्देशन में बन रही यह फिल्म वर्ष 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।जय हो मीडिया वेंचर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड प्रस्तुत कर रहा है। फिल्म की निर्माता शोभा कपूर, एकता आर कपूर और अमर बुटाला हैं।

फिल्म के पहले पोस्टर में लंबे बालों, खून से लाल साड़ी, सफेद आंखों, नुकीले दांतों और पंजों जैसे हाथों वाली एक डरावनी महिला का खौफनाक रूप नजर आ रहा है। धुएं और अंधेरे से भरे पोस्टर में महिला का भयावह चेहरा फिल्म की डरावनी दुनिया की झलक पेश करता है।

शुक्रवार 13 तारीख को फिल्म का शीर्षक जारी करना भी खास है। इस तारीख को पश्चिमी मान्यताओं में अंधविश्वास और अपशकुन से जोड़कर देखा जाता है। फिल्म का नाम भले ही ‘हीरो की हॉरॉरोइन’ है, लेकिन इसका पहला लुक दर्शकों के बीच डर और रोमांच पैदा करता है। एकता आर कपूर इससे पहले भी हॉरर और सुपरनैचुरल जॉनर की फिल्मों के जरिए अपनी पहचान बना चुकी हैं। वहीं, अमर बुटाला ‘बजरंगी भाईजान’, ‘केसरी’ और ‘मिशन मजनू’ जैसी फिल्मों के निर्माण से जुड़े रहे हैं। साजिद खान के निर्देशन में बन रही यह फिल्म हॉरर, रोमांच और मनोरंजन का मेल पेश करेगी। फिल्म के निर्माताओं के अनुसार, ‘हीरो की हॉरॉरोइन’ वर्ष 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

.....

You May Like