जयपुर, देश के होनहार निशानेबाज विवान कपूर ने दोहा में आयोजित आईएसएसएफ शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है। मेंस ट्रैप इवेंट के बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में विवान ने 30 में से 29 निशाने बिल्कुल सटीक लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया और सिल्वर मेडल अपने नाम किया। स्वर्ण पदक के लिए हुए कड़े मुकाबले में कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान के साथ उनका स्कोर बराबरी पर रहा, लेकिन शूटऑफ के तीसरे प्रयास में क्ले टारगेट चूकने के कारण उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा, जबकि चीन के क्यू यिंग ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए पक्का किया कोटा, विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले चौथे भारतीय पुरुष ट्रैप शूटर बने
इस शानदार उपलब्धि के साथ ही विवान कपूर ने आगामी लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए अपना सीधा कोटा पक्का कर लिया है। इसके साथ ही वह इस प्रतिष्ठित स्पर्धा में विश्व चैंपियनशिप पदक जीतने वाले इतिहास के चौथे भारतीय पुरुष ट्रैप निशानेबाज बन गए हैं, उनसे पहले डॉ. करणी सिंह, मानवजीत सिंह संधू और जोरावर सिंह संधू यह मुकाम हासिल कर चुके हैं। जगतपुरा स्थित ओएसिस शूटिंग रेंज में अपने कोच मनशेर सिंह के मार्गदर्शन में अभ्यास करने वाले विवान की इस सफलता से देश के खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है।
पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में गाड़ चुके हैं सफलता के झंडे, जूनियर वर्ग से रहा है शानदार रिकॉर्ड
जयपुर के रहने वाले विवान कपूर की यह उपलब्धि उनके लंबे संघर्ष और बेहतरीन खेल का परिणाम है। इससे पहले भी उन्होंने दोहा में ही आयोजित एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर नया कीर्तिमान रचा था, इसके अलावा ट्रैप शूटिंग ट्रायल्स और जूनियर वर्ल्ड कप में भी उनके नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। ओलंपिक खेलों के लिए सीधे क्वालीफाई करने के बाद अब विवान के फैंस को आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में उनसे और अधिक स्वर्ण पदकों की उम्मीद है।

