लोक आस्था का महापर्व छठ देशभर में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस पर्व को लेकर आम लोगों के साथ-साथ फिल्मी सितारों में भी खास उत्साह देखने को मिल रहा है। भोजपुरी सिनेमा की पॉपुलर एक्ट्रेस काजल राघवानी भी इस बार छठ पूजा को लेकर काफी एक्साइटेड हैं। खास बात यह है कि एक्ट्रेस पहली बार छठ का व्रत रखने जा रही हैं।
काजल राघवानी ने व्रत शुरू करने से पहले सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर छठी मइया और सूर्य देव से माफी मांगी है। उनका यह पोस्ट अब चर्चा में है। काजल राघवानी ने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में उनके साथ कई बच्चे और अन्य लोग भी नजर आ रहे हैं। सभी के चेहरे पर छठ पर्व को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है।
काजल राघवानी पहली बार करेगी छठ पूजा
काजल राघवानी भी इस खास मौके को लेकर काफी खुश हैं, लेकिन पहली बार इस महापर्व का हिस्सा बनने की वजह से उनके मन में श्रद्धा के साथ थोड़ी भावुकता भी है। दरअसल, काजल इस साल पहली बार छठ का व्रत रखने जा रही हैं। इसी वजह से उन्होंने पूजा के दौरान अनजाने में होने वाली किसी भी भूल के लिए पहले ही छठी मइया और सूर्य देव से क्षमा मांगी है।
काजल ने पोस्ट में लिखी ये बात
एक्ट्रेस ने अपनी तस्वीरों के साथ लिखा कि पहला छठ व्रत है, भूल चूक माफ। पहली बार इस महापर्व का हिस्सा बनकर खुद को धन्य महसूस कर रही हूं। छठी माता और सूर्य देव की कृपा से ये पावन सफर शुरू हो रहा है उन्होंने आगे लिखा कि जीवन का पहला छठ व्रत, मन में असीम श्रद्धा और विश्वास के साथ मइया का आशीर्वाद। जय छठी मइया। काजल की इस पोस्ट पर फैंस जमकर प्यार बरसा रहे हैं।
गुजराती फिल्म से शुरू किया था करियर
काजल राघवानी भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्रियों में से एक हैं। उन्होंने साल 2011 में गुजराती फिल्म ‘सुगना’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद साल 2013 में उन्होंने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा। भोजपुरी सिनेमा में काम करने के बाद उन्हें खास पहचान और लोकप्रियता मिली। आज उनकी गिनती इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्रियों में होती है।
