जेलर 2′ की सफलता के बाद ‘ओम’ के उत्तर भारत वितरण की जिम्मेदारी संभालेगा पेन मरुधर

मुंबई, 12 नवंबर (वार्ता) फिल्म ‘जेलर 2’ की सफलता के बाद पेन मरुधर अब बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ओम: चैप्टर 1 – उधिरम: द ब्लड वुड’ का उत्तर भारत में सिनेमाघरों में वितरण करेगा।फिल्म को लेकर देशभर में दर्शकों के बीच उत्साह देखा जा रहा है। शानदार कलाकारों की टोली, पांच राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं की मौजूदगी और साई अभ्यंकर के संगीत ने फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। चेन्नई में आयोजित भव्य संगीत लॉन्च में हजारों प्रशंसकों की मौजूदगी और उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया के बाद निर्माता फिल्म को देशभर में बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।

तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषी बाजारों में वितरण साझेदारी की घोषणा के बाद अब पेन मरुधर उत्तर भारत में फिल्म के सिनेमाघरों में वितरण की जिम्मेदारी संभालेगा। इस साझेदारी के तहत पेन मरुधर, आरटेक स्टूडियोज और वंडरबार फिल्म्स मिलकर फिल्म को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाएंगे।
पेन स्टूडियोज के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. जयंतीलाल गड़ा ने कहा कि आरटेक स्टूडियोज और वंडरबार फिल्म्स के साथ इस साझेदारी को लेकर वह बेहद उत्साहित हैं। शानदार कलाकारों, दमदार विषय और दर्शकों के बीच बढ़ती उत्सुकता के कारण यह फिल्म सिनेमाघरों के लिए खास साबित होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि 20 नवंबर 2026 को होने वाली अखिल भारतीय रिलीज के जरिए फिल्म उत्तर भारत के दर्शकों को भी आकर्षित करेगी।

आरटेक स्टूडियोज की निर्माता श्रद्धा अग्रवाल ने कहा कि फिल्म को अधिक से अधिक दर्शकों तक सिनेमाघरों के माध्यम से पहुंचाना उनका सपना रहा है। पेन मरुधर का उत्तर भारत के वितरण साझेदार के रूप में जुड़ना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके अनुभव और मजबूत नेटवर्क से फिल्म को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में धनुष, ममूटी, साई पल्लवी, श्रीलीला, नसीरुद्दीन शाह और इंद्रन्स प्रमुख भूमिकाओं में हैं। श्रद्धा अग्रवाल, धनुष और अजमत जगमग द्वारा निर्मित यह फिल्म आरटेक स्टूडियोज और वंडरबार फिल्म्स के बैनर तले बनाई गई है।
फिल्म को लेकर प्रशंसकों के बीच बढ़ती उत्सुकता और आईएमडीबी पर नंबर एक स्थान हासिल करने के दावे के बीच ‘ओम: चैप्टर 1 – उधिरम: द ब्लड वुड’ 20 नवंबर 2026 को तमिल, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

.....

Next Post

राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को कलेक्टर ने सौंपी प्रारूप मतदाता सूची

Thu Nov 12 , 2026
ग्वालियर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में भी मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 प्रचलन में है। राजनैतिक दल अपने-अपने मतदाता एजेंट की बैठक लेकर प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन करने के लिये कहें। साथ ही कोई कमी पाई जाने पर अपने दावे-आपत्तियां दर्ज कराएं, जिससे इनका […]

You May Like