छतरपुर। ईशानगर थाना क्षेत्र की एक महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति विनोद पटेल पर खेत में छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में छतरपुर एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने बताया कि आरोपी विनोद पटेल ने खेत पर काम के दौरान उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया। हालांकि आरोप है कि पुलिस ने मामूली धाराओं में मामला दर्ज कर रात होते ही आरोपी को छोड़ दिया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपी के छूटते ही उसका हौसला और बढ़ गया। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी 10–12 लोगों के साथ हथियार लेकर उसके घर पहुंचा और महिला व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि “अभी तो सिर्फ हाथ पकड़ा है, अगली बार जान से मार देंगे।”
महिला का आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों के चलते वह और उसका परिवार दहशत में है। पीड़िता ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज करने, सुरक्षा मुहैया कराने और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
