मुंबई, 12 नवंबर (वार्ता) बाल दिवस के अवसर पर सोनी सब के कलाकारों ने अपने बचपन की सुनहरी यादों, स्कूल की शरारतों, दोस्तों के साथ बिताए गए खुशनुमा पलों और अधूरे-अधूरे सपनों को साझा किया।सोनी सब के धारावाहिक ‘हस्तिनापुर के वीर’ में कुंती की भूमिका निभा रहीं तोरल रासपुत्रा तथा ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में दीप्ति की भूमिका निभा रहीं दीक्षा जोशी और चिराग की भूमिका निभा रहे नितिन बाबू ने बचपन के उन अनुभवों को याद किया, जिन्होंने उनके व्यक्तित्व को गढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
तोरल रासपुत्रा ने कहा कि बचपन से ही उनका सपना अभिनेत्री बनने का था। वह पर्दे पर कलाकारों को अभिनय करते देखकर खुद भी अलग-अलग किरदार निभाने की कल्पना करती थीं। आज अपने बचपन के सपने को साकार होते देखना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अपने बचपन के रूप से मिलने का मौका मिले तो वह उसे अपने सपनों पर भरोसा बनाए रखने और मुश्किलों के बावजूद अपने जुनून को नहीं छोड़ने की सलाह देंगी।
दीक्षा जोशी ने स्कूल के दिनों को याद करते हुए कहा कि दोस्तों के साथ हंसी-मजाक और छोटी-छोटी शरारतें उनके बचपन की सबसे खूबसूरत यादों में शामिल हैं। कक्षा में हंसी रोकने की कोशिश करना और अचानक जोर से हंस पड़ना आज भी उन्हें याद आता है। उन्होंने कहा कि दोबारा बचपन जीने का मौका मिलने पर वह दोस्तों के साथ स्कूल के उन सामान्य दिनों को फिर से जीना चाहेंगी।
नितिन बाबू ने कहा कि कम उम्र में जिम्मेदारियां संभालने से उन्हें आत्मनिर्भर और जिम्मेदार बनना सीखने का अवसर मिला। बचपन में सौंपे गए छोटे-छोटे कामों ने उन्हें काफी कुछ सिखाया। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारियों के साथ खेलकूद और मस्ती के लिए भी समय निकालना जरूरी है। वह अपने बचपन के रूप को जिंदगी का भरपूर आनंद लेने की सलाह देना चाहेंगे।
सोनी सब पर ‘हस्तिनापुर के वीर’ और ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ का प्रसारण किया जा रहा है।
Next Post
बैरसिया के उनीदा गांव में स्वामित्व योजना के तहत सभी पात्र परिवारों की रजिस्ट्री पूरी
Thu Nov 12 , 2026
भोपाल: बैरसिया तहसील की ग्राम पंचायत उनीदा में स्वामित्व योजना के तहत सभी पात्र परिवारों की संपत्तियों की रजिस्ट्री का काम पूरा कर लिया गया है. इसके साथ ही ग्रामीणों को उनके मकान और आवासीय भूमि का वैधानिक अधिकार मिल गया है. ड्रोन सर्वे के माध्यम से संपत्तियों का चिह्नांकन […]

You May Like
-
1 year ago
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
