गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित है। इस दिन उनकी पूजा में 56 भोग परोसा जाता है, जिसमें माखन मिश्री, अन्नकूट से लेकर गुलगुले तक का भोग लगाया जाता है। गुड़ से तैयार होने वाले मीठे और स्वादिष्ट गुलगुले गेहूं के आटे, गुड़ और सौंफ से बनने वाली पारंपरिक मिठाई है, जो खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती है।
अगर आप भी इस गोवर्धन पूजा घर में कुछ मीठा बनाने की सोच रही हैं, तो इस तरह से गुलगुले बनाएं। आइए जानते हैं नरम और फूले-फूले गुलगुले बनाने की आसान रेसिपी।
गुलगुले बनाने के लिए सामग्री
गेहूं का आटा – 1 कप
गुड़ – 1/2 कप
पानी – लगभग आधा से तीन-चौथाई कप
सौंफ – 1 छोटा चम्मच
इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
बेकिंग सोडा – 1 चुटकी
नमक – 1 छोटी चुटकी
तेल या देसी घी – तलने के लिए
गुलगुले बनाने की विधि
तैयार करें गुड़ का पानी
एक पैन में आधा कप पानी हल्का गर्म करें। इसमें गुड़ डालकर अच्छी तरह घोल लें। गुड़ पूरी तरह पिघलने के बाद गैस बंद कर दें। अब इसे ठंडा होने दें और फिर छलनी से छान लें।
गुलगुले का घोल तैयार करें
एक बड़े बाउल में गेहूं का आटा लें। इसमें सौंफ, इलायची पाउडर और एक चुटकी नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके गुड़ का पानी डालें और लगातार चलाते रहें और एक स्मूद घोल तैयार करें।
घोल को रेस्ट दें
गुलगुले अच्छे बनाने के लिए इसे न तो बहुत पतला रखें और न ही बहुत गाढ़ा। घोल पकौड़े के बैटर जैसा होना चाहिए, जो चम्मच से गिराने पर धीरे-धीरे नीचे आए। अब इसे ढककर 15 से 20 मिनट के लिए रख दें। घोल को आराम देने के बाद इसमें एक चुटकी बेकिंग सोडा डालें और अच्छी तरह फेंट लें। इससे गुलगुले तलते समय अच्छी तरह से फूलती है।
गुलगुले तलें
एक कड़ाही में तेल या देसी घी गर्म करें। जब यह गर्म हो जाए तो आंच मध्यम कर दें। अब घोल के छोटे-छोटे हिस्से कड़ाही में डालें। एक बार में बहुत सारे गुलगुले न डालें। गुलगुलों को मध्यम से धीमी आंच पर पलट-पलटकर तलें। जब ये चारों तरफ से सुनहरे भूरे रंग के हो जाएं, तो इन्हें कड़ाही से निकाल लें।
